रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश, शाम 5.30 बजे से वाराणसी से चलेगी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। वाराणसी से साबरमती तक नई ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे बोर्ड की ओर से मंजूरी मिल गई है। आदेश भी जारी कर दिया गया है। संचालन कब से होगा, इस बारे में भी जल्द ही आदेश जारी होगा। साबरमती से ट्रेन को सुबह 5.20 बजे चलाया जाएगा जबकि वाराणसी जंक्शन से शाम 5.30 बजे ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया गया है। साबरमती तक ट्रेन चलने से गुजरात तक की यात्रा करने वालों को सहूलियत होगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस शाम 5.30 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी। इसके बाद वीएचके, बांदीकुई, पालनपुर होते हुए साबरमती जाएगी। इस ट्रेन को नियमित चलाया जाएगा। इसलिए यूपी से गुजरात जाने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत होगी। रेलवे की ओर से कामर्शियल स्टापेज मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टुंडला, गांधीनगर, जयपुर, अजमेर पर भी रहेगा। वाराणसी जंक्शन से 5.30 बजे से चलने वाली ट्रेन अगले दिन रात 8.15 बजे साबरमती स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 12205 साबरमती स्टेशन से सुबह 5.20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6.30 बजे वाराणसी जंक्शन आएगी। रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस वाराणसी में होगा।