केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि नगवां-चोचकपुर गंगा नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदेश सरकार से जल्द मिलेगी। उन्होंने शनिवार को श्री कच्चा बाबा आश्रम जाल्हूपुर के सामने आयोजित कार्यक्रम में 23.30 करोड़ रुपये के 52 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चंदौली की जनता के लिए बीएचयू के दंत चिकित्सा विभाग से संचालित श्री कल्याण सिंह स्मृति डेंटल मोबाइल क्लिनिक वैन का लोकार्पण किया।
केंद्रीय मंत्री ने अजगरा विधायक टीम राम के साथ 13.08 करोड़ के 36 कार्यों का लोकार्पण और 10.21 करोड़ रुपये के 16 कार्यों का शिलान्यास किया। ये सभी कार्य शिवपुर और अजगरा विधानसभा में सांसद निधि, पीडब्ल्यूडी और मंडी परिषद से जुड़े हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारी उद्योग मंत्रालय के अधीन ब्रिज एंड ग्रुप कंपनी के सीएसआर फंड से वैन बनाई गई है। कोरोना के दौरान केंद्रीय मंत्री की पहल पर पत्नी की इलाज की व्यवस्था होने की व्यथा बताते हुए चंदौली के भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह भावुक हो गए। इस मौके पर सीडीओ हिमांशु नागपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, सुरेंद्र सिंह, रामप्रकाश दुबे, सर्वेश कुशवाहा, श्रीनिकेतन मिश्र आदि मौजूद रहे।
मोबाइल क्लिनिक वैन में पहले शिवकुमार और सियाराम ने कराया इलाज
लोकार्पण के बाद पहले मरीज शिवकुमार गुप्ता और सियाराम पांडेय ने इलाज करवाया। यह मोबाइल क्लिनिक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें एक्सरे मशीन, डेंटल चेयर, लाइट, स्टूमेंट लाइट मशीन, आरसीटी, रूट कैनाल ट्रीटमेंट, दवाएं, इंप्लान्ट करने के लिए फिजियो डिस्पेंसरी की सुविधा है। एक साथ दो मरीजों का इलाज किया जा सकता है। इसमें बीएचयू के प्रभारी डॉ राजेश बंशल अपने पांच डॉक्टरों की टीम के साथ उपलब्ध रहेंगे।