बीएचयू के मेडिकल सेक्टर में नॉन टीचिंग के ए, बी और सी वर्ग में 630 पदों पर भर्तियां निकली हैं। इसमें सबसे ज्यादा 353 नर्सिंग अफसरों की नियुक्तियां होंगी। आईएमएस बीएचयू, सर सुंदर लाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर सहित 41 जगहों पर तैनाती की जाएगी।
बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 दिसंबर को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। मासिक वेतनमान 18 हजार से लेकर 2.09 लाख रुपये तक होगा। विश्वविद्यालय के भर्ती एवं मूल्यांकन प्रकोष्ठ की ओर से इसका नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।
ग्रुप ए में 39 पद हैं। इनमें डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के तीन, चीफ नर्सिंग ऑफिसर का एक, नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के दो, मेडिकल ऑफिसर के 27, मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट के दो, रेडियोलॉजिकल फिजिसिस्ट का एक और सीनियर ऑप्टोमेट्रिस्ट के तीन पद शामिल हैं।
वहीं, ग्रुप बी में 407 पद हैं। इनमें नर्सिंग ऑफिसर (महिला) के 317, नर्सिंग ऑफिसर (पुरुष) के 87 पद होंगे। बाकी मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, जूनियर मेडिकल सोशल वर्कर, डेंटल हाइजीनिस्ट, डेंटल मैकेनिक, पंचकर्म थेरेपिस्ट, मेडिकल सोशल वर्कर, बायोफीडबैक थेरेपिस्ट, डाइटिशियन सहित अन्य पद शामिल हैं।
इसी तरह ग्रुप सी में 155 पदों पर भर्तियां होंगी। इनमें लैब अटेंडेंट के 105, लैब अटेंडेंट (ओटी-कम-एनेस्थीसिया) के 41, टेक्निकल असिस्टेंट, लैब असिस्टेंट, जूनियर असिस्टेंट, रेडियोलॉजी असिस्टेंट और वर्कशॉप अटेंडेंट के पद शामिल हैं।