शास्त्री प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के साथ आचार्य प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी भरेंगे परीक्षा फॉर्म
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए आवेदन का अंतिम मौका 15 नवंबर तक है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन ऑनलाइन भरना होगा। नियमित विद्यार्थियों के साथ बैक पेपर, भूतपूर्व, व्यक्तिगत और एक विषय की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि शास्त्री प्रथम, तृतीय और पंचम के साथ आचार्य प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया अलग-अलग माध्यमों से निर्धारित की गई है। परीक्षा आवेदन के लिए शास्त्री प्रथम, तृतीय, आचार्य प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल का उपयोग करना होगा। इस पोर्टल पर 15 नवंबर 2026 तक आवेदन भरे जा सकेंगे। शास्त्री पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए यूपी डेस्को से आवेदन की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक से 15 नवंबर तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा शुल्क जमा करने के संबंध में भी निर्देश जारी किए हैं। पूर्व वर्षों की दर से निर्धारित परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय के खाते में ऑनलाइन भुगतान गेटवे से किया जा सकेगा। परिसर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए भी निर्धारित समयसीमा में आवेदन पत्र भरना अनिवार्य किया गया है।