तैयारियों का जायजा लेने के लिए जगतपुर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर दो जुलाई को प्रदेश भर से अपना दल (एस) के कार्यकर्ता काशी में जुटेंगे। जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित जन स्वाभिमान रैली के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।
यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी। गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं अनुप्रिया ने डीएम को प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल कराने का निर्देश दिया।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए जगतपुर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के कई कैबिनेट और राज्यमंत्री रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के नौ विधायक भी रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर तीन मंच बनाए जा रहे हैं।
एक बड़ा मंच 20 गुने 48 फीट का होगा जबकि दो मंच 20 गुने 32 फीट के होंगे। बड़े मंच पर मुख्यमंत्री और प्रदेश मंत्री होंगे जबकि दूसरे मंच पर पार्टी की जिला कमेटी और तीसरे पर प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी बैठेंगे।
इस दौरान आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सड़क, बिजली, पानी, यातायात आदि का समुचित प्रबंध करने के लिए डीएम को निर्देशित किया। राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी भी जगतपुर पहुंचे।
उन्होंने भी जिला प्रशासन को तैयारियां मुकम्मल कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर पार्टी के सेवापुरी विधायक नीलरतन पटेल नीलू भी मौजूद रहे।