लोकजनशक्ति पार्टी के बाद अब अपना दल (एस) ने भाजपा को आंख दिखाना शुरू कर दिया है। अपना दल (एस) और भाजपा के बीच रार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है।
मिर्जापुर में अपना दल एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व से विवाद सुलझने तक केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और पार्टी का कोई भी नेता प्रदेश सरकार के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। वहीं अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर में अपना दौरा रद्द कर दिल्ली रवाना हो गईं।
पढ़ें : अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल ने भाजपा से जताई नाराजगी, गठबंधन को लेकर कह दी बड़ी बात
बताते चलें कि मंगलवार को आशीष पटेल ने कहा था कि भाजपा की प्रदेश इकाई में अपना दल के कार्यकर्ताओं और नेताओं का सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सम्मान चाहते हैं। हम चाहते हैं कि हमें सम्मान मिले और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बने।
भाजपा को तीन प्रदेशों में मिली पराजय से सीख लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आश्वासन के बाद भी किसी भी आयोग में अपना दल के नेताओं को जगह नहीं दी गई है। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए की सहयोगी तीनों पर्टियों के नेता हताश हैं। विधायक, सांसद और मंत्री सभी नाराज हैं।
कहां समस्या आ रही है इसको दूर करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को दखल देना चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि समस्याएं जल्दी हल हों, नहीं तो एनडीए को सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर प्रदेश में होगा। यूपी में सीट बंटबांरे को लेकर कहा हमारी ताकत बढ़ी है इसलिए सम्मानजनक सीटें चाहिए।