केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने चुनाव आयोग से शिकायत की
अपना दल के दोनों गुटों में नए सिरे से खींचतान शुरू हो गई है। भाजपा से गठबंधन कर चुनाव लड़ने वाली अपना दल (सोनेलाल) पार्टी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही हैं।
दूसरी ओर उनकी मां अपना दल से कृष्णा पटेल रोहनिया से चुनाव लड़ रही हैं।
अनुप्रिया ने चुनाव आयोग से फार्म ए और बी को लेकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि उनकी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) से चुनाव आयोग से रजिस्टर्ड है।
यहां तक कि चुनाव निशान कप प्लेट भी रजिस्टर्ड है। पार्टी और चुनाव निशान का इस्तेमाल कोई दूसरी पार्टी नहीं कर सकती है।
बावजूद इसके कृष्णा पटेल अपना दल के नाम का इस्तेमाल ही नहीं कर रही हैं, खुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बता रही हैं।
उधर, ऐसी किसी स्थिति से निबटने के लिए कृष्णा पटेल ने पीस पार्टी और राष्ट्रीय निषाद पार्टी से गठबंधन कर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
माना जा रहा है कि यह गठबंधन सभी जगहों पर चुनाव लड़ेगा।
गठबंधन का एक चुनाव निशान होगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर कृष्णा पटेल इसी गठबंधन से चुनाव लड़ सकती हैं।