भाजपा के दबाव में अपना दल (सोनेलाल) की संयोजक और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पैंतरा बदल लिया है। बुधवार को अपना दल (सोनेलाल) ने भाजपा से समझौते में मिली दो और सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए।
इलाहाबाद के हंडिया से प्रमिला त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें कि प्रमिला बसपा सरकार में मंत्री रहे राकेशधर त्रिपाठी की पत्नी हैं। भाजपा राकेशधर को टिकट देने के पक्ष में नहीं थी।
इसके चलते उनकी पत्नी को टिकट देकर बीच का रास्ता निकाला गया है। बता दें कि राकेशधर बसपा सरकार में मंत्री थे, जिनपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। इस पर मायावती ने उन्हें बसपा से निकाल दिया था।
तभी से राकेशधर किसी दूसरे सियासी ठिकाने की तलाश में थे। उन्होंने भाजपा में भी जाने का प्रयास किया था लेकिन भाजपा ने उन्हें लिफ्ट नहीं दिया। अलबत्ता अब वह अपनी पत्नी को भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) का दिलवाने सफल जरूर हो गए हैं।
इसके अलावा खब्बू तिवारी को फैजाबाद के गोसाईगंज से उम्मीदवार बनाया गया है।