परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हॉकी खेलते खिलाड़ी । अमर उजाला
वाराणसी। परमानंदपुर में आयोजित पूर्व विधायक रामजीत राजभर जिलास्तरीय सेवन ए साइड जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। फाइनल मुकाबले में पैंथर क्लब के फॉरवर्ड खिलाड़ी अंशु शर्मा के तीन गोल की बदौलत पैंथर क्लब ने रॉयल क्लब को 6-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। दस दिवसीय प्रतियोगिता में 23 मैचों में सर्वाधिक 14 गोल करने वाले अंशु शर्मा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
टॉस पैंथर क्लब ने जीता और पहले बॉल हिट करने का फैसला किया। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। मैच का पहला गोल सातवें मिनट में अंशु शर्मा ने एकल प्रयास से कर पैंथर क्लब को 1-0 की बढ़त दिलाई। 19वें मिनट में वंश पटेल ने रिवर्स फ्लिक से गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद रॉयल क्लब ने लगातार हमले किए और दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन टीम गोल करने में नाकाम रही। 24वें मिनट में शुभम पटेल के सटीक क्रॉस पास पर ईशान पटेल ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर कायम रहा।
हाफ में रॉयल क्लब ने अपनी रणनीति बदली। 28वें और 34वें मिनट में रॉयल क्लब के रौनक ने लगातार दो गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया और मैच को रोमांचक बना दिया। दो गोल खाने के बाद पैंथर क्लब के कोच ने 35वें मिनट में दो खिलाड़ियों को बदलकर नए खिलाड़ियों को मैदान में उतारा। इसके बाद अंशु शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 39वें और 42वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-2 कर दिया। रॉयल क्लब को भी दो बार गोल करने के मौके मिले, लेकिन दोनों बार गेंद गोलपोस्ट को छूते हुए बाहर चली गई। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले शुभम पटेल ने गोल कर स्कोर 6-2 कर दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। स्वागत हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने किया, जबकि संचालन केबी राय ने किया। आयोजन सचिव इदरीस अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस मौके पर संजय सिंह, अभय प्रजापति, डॉ. राम ललित सिंह, डॉ. आशा सिंह, भागवत सिंह, राजेश कुमार सिंह और दिलीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
नंबर गेम
23 मैच बालक और बालिका वर्ग में खेले गए
130 गोल कर खिलाड़ियों ने दिखाया दम