वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कोरोना पॉजिटिव एक युवक का अभी इलाज चल ही रहा है। इस बीच सर्दी, खांसी और गले में खराश की शिकायत के बाद एक और युवक ने दीनदयाल अस्पताल पहुंचकर जांच कराई। 21 मार्च को भी एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद से ही क्षेत्र के तीन गांवों को सील कर दिया गया है। तब से न तो कोई उस गांव में जा सकता है और न कोई बाहर जा सकता है।
युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद से ही क्षेत्र के लोग सकते में हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की स्क्रीनिंग कर ली है, लेकिन एहतियातन सतर्कता बरतने को कहा गया है। इस बीच एक युवक ने जांच कराई जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ हरिश्चंद्र मौर्य ने बताया कि क्षेत्र के एक युवक के गले में खराश और खांसी की शिकायत होने पर उसे दीन दयाल हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसकी जांच चल रही है। वही गांव में अन्य लोगों की स्थिति ठीक है। एसडीएम के निर्देश पर बंटा सिलेंडर गांव की सीमा सील होने की वजह से ग्रामीणों को रसोई गैस सहित कई जरूरी सामान नहीं मिल पा रहा है।
बृहस्पतिवार को एसडीएम के निर्देश पर गांव में गैस सिलेंडर पहुंचाया गया। लेकिन बिजली विभाग ट्यूबवेल का फ्यूज ठीक नहीं कर सका। एसडीओ राहुल सिंह ने जल्द ही ठीक करने की बात कही। शाम को गांव पहुंचे एसडीएम पिंडरा मनिकण्डन ने तीनों गांवो के लोगों व स्वास्थ्य कर्मियों से मिलकर जानकारी ली और किसी भी परेशानी आने पर फोन करने की बात कही।