आशापुर-बलुआ मार्ग पर चौहान बस्ती के समीप कार की टक्कर से घायल हुए चौबेपुर क्षेत्र के सुखराम उर्फ सुक्खू (60) की भी शुक्रवार को उपचार के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार की रात मौके पर ही चौबेपुर के छितौना के बनवारी यादव (30) की मौत हो गई थी। वहीं, हादसे में घायल अन्य छह का उपचार सरकारी और निजी अस्पताल में जारी है। मामले को लेकर सारनाथ थाने में कार के नंबर के आधार पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सारनाथ पुलिस का कहना है कि कार के नंबर के आधार पर जल्द ही आरोपी चालक दबोच लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आशापुर-बलुआ मार्ग पर गुरुवार की आधी रात चौहान बस्ती के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने छह बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारते हुए एक मकान के सामने बनी मड़ई में जा घुसी। इलाकाई लोग मौके पर भाग कर आए तो कार से दो युवक बाहर आए और लड़खड़ाती जुबान में धमकाने के बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले।
पुलिस बनवारी सहित चार घायलों को दीनदयाल अस्पताल ले गई जबकि तीन को पंचक्रोशी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। दीनदयाल अस्पताल में डॉक्टरों ने बनवारी यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीनदयाल से बीएचयू रेफर किए गए सुक्खू की मौत भी उपचार के दौरान हो गई। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पंचक्रोशी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती चौबेपुर क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी महेंद्र पाल, उसके बेटे छोटू पाल और गांव के ही राजाराम कन्नौजिया की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।