महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में 15 जुलाई को होने वाली वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अपरिहार्य कारणों से परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि 15 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी आ रहे हैं। इसको देखते हुए परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि 15 जुलाई की परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 17 जुलाई को आयोजित कराई जाएगी। इसके अलावा सभी परीक्षाएं अपने निर्धारित समय सारिणी के अनुसार आयोजित कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में 15 जुलाई से होने वाली परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र का वितरण भी किया जा रहा है।
कोरोना काल में होने वाली इस परीक्षा में कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष जोर दिया जाएगा। काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों की वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षा में लगभग दो लाख से भी ज्यादा छात्र शामिल होंगे। वार्षिक परीक्षा में 139274 और सेमेस्टर परीक्षा में 65111 छात्र हैं। परीक्षा केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार इंतजाम किए गए हैं।