वाराणसी के कपसेठी थाना के मधुमक्खियां गांव में बुधवार को एक युवती अपनी ससुराल में दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और चार घंटे के बाद दरवाजा खुलवाकर युवती को घर के अंदर प्रवेश कराई।
कुड़ी गांव निवासी एक युवती की शादी मधुमक्खियां गांव निवासी युवक के साथ एक वर्ष पहले हुई थी। युवती के अनुसार, शादी के छह माह बाद पति ने उसे मायके भेज दिया और कहा कि तीन महीने बाद बुलाएंगे। इस बीच अदालत से तलाक की नोटिस भेज दी गई। नोटिस पाने के बाद जब युवती ने सास, ससुर और पति से बात की तो उन्होंने कहा कि तुम हमारे घर में रहने के काबिल नहीं हो।
इससे नाराज युवती बुधवार को अपने भाई और परिजनों के साथ मधुमक्खियां गांव पहुंची। उसे देखते ही ससुराल वालों ने घर में घुसने नहीं दिया। इस पर युवती दरवाजे के पास धरने पर बैठ गई और पुलिस अधिकारियों को फोन की। इस संबंध में थानाध्यक्ष कपसेठी रमेश कुमार ने बताया कि ससुराल वालों को समझा दिया गया है। विवाहिता अब ससुराल में ही रहेगी।