वाराणसी। कफ सिरप मामले में लखनऊ जेल में बंद अमित सिंह टाटा और अमित यादव की पेशी सात अप्रैल को होगी। विशेष लोक अभियोजक अधिकारी सुनील सिंह और अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों की पेशी संभवत: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। पिछली तिथि पर वारंट बी के तहत आरोपियों को तलब किया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों और समय पर अनुपस्थिति के चलते पेशी नहीं हो सकी थी।
इसके बाद विवेचक ने आरोपियों के न्यायिक रिमांड के लिए अर्जी दी, जिस पर अदालत ने सात अप्रैल की तिथि निर्धारित की। कोडीन युक्त कफ सिरप की बरामदगी और तस्करी के मामले में लखनऊ जेल में बंद अमित सिंह टाटा और अमित यादव को कोतवाली पुलिस वारंट बी पर मंगलवार को जिला जज, एफटीसी (14वां वित्त आयोग) मनोज कुमार की अदालत में पेश करने वाली थी। अदालत ने अभियोजन की दलीलों के बाद वारंट बी जारी करते हुए दोनों आरोपियों को 31 मार्च को तलब किया था, लेकिन उस दिन पेशी नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, कफ सिरप की अवैध बिक्री और तस्करी की जांच में कई अहम सुराग मिले हैं। पूछताछ से तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। संवाद