वाराणसी। जिला प्रशासन ने भले ही मरीजों की सहूलियत के लिए जांच, इलाज और एंबुलेंस का किराया तय कर दिया हो लेकिन निजी अस्पतालों की मनमानी थम नहीं रही है। अब भी निजी अस्पतालों में एंबुलेंस के लिए लोगों से मनमाना दाम लिया जा रहा है। समाजसेवी रोशन पांडेय ने जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। रोशन ने बताया कि अखरी बाईपास स्थित कोविड हॉस्पिटल में पूछने पर ऑक्सीजन वाले बेड के लिए 1 दिन का खर्च 30 हजार बताया गया। मरीज के लिए उसी अस्पताल से एंबुलेंस की मांग की गई तो चालक ने 4 किलोमीटर के 2500 रुपये मांगे। पूछे जाने पर कोरोना काल में रेट अधिक होने की बात चालक ने बताई। रोशन पांडे ने जिला प्रशासन की ओर से बनाई गई इंफोर्समेंट टीम और कमिश्नर द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर अधिकारियों को ऑडियो भेज कर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।