आंबेडकर समिति के अध्यक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ जिले में असामाजिक तत्वों द्वारा डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना एक बार फिर से सामने आई है। रौनापार थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में रविवार की रात शरारती तत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। सोमवार की सुबह इसकी जानकारी होने पर गांव के दलितों ने भीमबर-बाजार गोसाई मार्ग को जाम कर दिया।
मौके पर पहुंचकर सीओ सगड़ी और एसओ रौनापार ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और प्रतिमा मरम्मत कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। घटना के संबंध में आंबेडकर समिति के अध्यक्ष ने तहरीर देकर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
बीबीपुर गांव में नहर के किनारे वर्षों पहले डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। रविवार की रात क्षेत्र के कुछ अराजकतत्वों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। सोमवार की सुबह गांव के दलित उस तरफ गए और खंडित प्रतिमा को देख आक्रोशित हो गए।
जानकारी होने पर कुछ ही देर में वहां तमाम महिला और पुरुष जुट गए। लोग दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। आक्रोशित लोगों ने नहर के पास भीमबर और बाजार गोसाई मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सगड़ी एसओ रौनापार और बिलरियागंज को लेकर मौके पर पहुंचे। सीओ के आश्वासन पर सुबह नौ बजे से लगा जाम करीब 15 मिनट बाद समाप्त हो गया। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने प्रतिमा की मरम्मत करवाई।
घटना के संबंध में आंबेडकर समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने तहरीर देकर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने कहा कि प्रतिमा की मरम्मत करवा दी गई है। अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।