अंबानी परिवार से आए उपहार के बारे में बताते अन्नपूर्णा के महंत
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस के पहले दिन स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के विग्रह को अंबानी परिवार की चुनरी से सजाया जाएगा। वहीं, माता का प्रसाद और खजाना अंबानी परिवार के एंटीलिया टावर भी जाएगा। मंदिर के महंत शंकर पुरी माता का प्रसाद लेकर खुद मुंबई जाएंगे। जल्द ही अनंत अंबानी परिवार के साथ मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए बनारस आएंगे। धनतेरस के पहले दिन मां अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा का शृंगार अंबानी परिवार की ओर से आई शृंगार सामग्री से होगा।
अंबानी परिवार ने स्वर्णमंडित थाली, गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा, चुनरी, सोलह शृंगार की सामग्री और दक्षिणा मां अन्नपूर्णा के लिए भेजी हैं। महंत शंकर पुरी ने बताया कि मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी से फोन पर बात हुई है। बृहस्पतिवार को मुकेश व नीता अंबानी परिवार की ओर से माता अन्नपूर्णा के लिए शृंगार सामग्री भेजी गई है। इसमें बनारसी रेशमी साड़ी, चूड़ियां, सोलह शृंगार की सामग्री, स्वर्णमंडित थाली के साथ ही गणेश और लक्ष्मी जी की प्रतिमा भी है।
इसके साथ ही दीपावली की शुभकामना संदेश का कार्ड भी भेजा गया है। इसमें मुकेश, नीता अंबानी, आकाश व अनंत के साथ बहू श्लोका और राधिका के नाम अंकित हैं। उन्होंने कहा है कि वह जल्द ही मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए सपरिवार काशी आएंगे। महंत शंकर पुरी ने बताया कि 25 अक्तूबर को वह अंबानी परिवार के लिए माता का प्रसाद और खजाना लेकर मुंबई जाएंगे।
सोने का हार और चूड़ी लेकर बनारस आए
पांच दिनों तक देशभर के भक्तों की ओर से भेजी गई शृंगार सामग्री से माता का अलग-अलग शृंगार किया जाएगा। विशाखापत्तनम के व्यापारी सुब्बा राजू मां अन्नपूर्णा के लिए सोने का हार और चूड़ी लेकर बनारस आए हैं। माता अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी विग्रह को यह हार और चूड़ी अर्पित की जाएगी। मंदिर के कपाट भोर में मंगला आरती के साथ खुल जाएंगे।