कुछ उभरते कलाकारों को आगे बढ़ने का हौसला मिला तो कुछ को कमियां दूर करने की प्यार भरी सलाह। किसी को सबके सामने माइक पर पहली बार गाने का मौका मिला तो पुरानी झिझक मिटी। नवोदितों को यह मौका मिला शनिवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘सुपर टैलेंट’ हंट में। युवाओं ने यहां सिंगिंग और स्टैंड अप कॉमेडी में भाग लेकर प्रतिभा दिखाई। रवींद्रपुरी स्थित इंडियन आइडल में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं के जोश और हौसले को जोरदार बारिश भी नहीं डिगा पाई। बड़ी संख्या में ऑडिशन के लिए पहुंचे।
कई प्रतिभागी ऐसे थे जिनके मन में गाने की इच्छा वर्षों से थी और मंच उन्हें कार्यक्रम के माध्यम से मिला। युवा कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। जिनके सुर लड़खड़ाए वे भी इस संतुष्टि के साथ लौटे कि पहले प्रयास में बेहतर किया। जजों ने प्रतिभागियों की कमियां और खूबियां बताईं। इसी प्रकार कॉमेडियन बनने की इच्छा से आए प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर परफार्मेंस दी।
आयोजन की खास बात यह रही कि उम्र की सीमा भी टूटी। जिस मंच पर 13 साल के प्रतिभागी ने परफार्मेंस दी तो उसी पर 43 साल के पार्टिसिपेंट ने भी अपनी प्रस्तुति दी। सभी ने इस आयोजन की सराहना की। जल्द ही परिणाम घोषित किया जाएगा।