वाराणसी जिले में किशोरों, बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी है। तीन जनवरी से शुरू अभियान में अब तक 88.5 प्रतिशत किशोरों को पहली डोज लगी है। वहीं, केवल 53 प्रतिशत को ही दूसरी डोज लग सकी है। इस तरह जिले में केवल 53 प्रतिशत किशोरों को ही पूर्ण रूप से सुरक्षा कवच मिल सका है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 से 14 साल वाले बच्चों के साथ ही 15 से 17 साल वाले किशोरों को भी टीका लगाया जा रहा है। तीन जनवरी से किशोरों के टीकाकरण की शुरुआत हुई है। इसमें जिले में ढाई लाख किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। समय से सभी बच्चों को टीका लगाया जा सके, इसके लिए केंद्रों पर भी जागरूक किया जा रहा है।
उधर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से भी डोर टू डोर टीकाकरण की अपील की जा रही है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले और दूसरी डोज के अंतर को पूरा करना बड़ी चुनौती होगी। सीएमओ डॉॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि अब जबकि स्कूल-कॉलेज भी खुल गए हैं, ऐसे में दूसरी डोज के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाकर टीका लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही टीकाकरण अभियान में लगे लोगाें को निर्देशित किया जा चुका है।