वाराणसी। पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वेंडर्स की सभी समस्याओं का समाधान होगा। फेरी पटरी ठेला व्यवसायी समिति के पूर्व सचिव स्व. प्रमोद कुमार निगम की चौथी पुण्यतिथि को वेंडर्स दिवस के रूप में मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जवाहरलाल नेहरू मार्केट इंग्लिशिया लाइन में स्वच्छता संकल्प सभा हुई। इसमें मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार पथ विक्रेताओं ने कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी में अपनी जान की बाजी लगाकर घर-घर सब्जी, फल जैसे सामान के रूप में मुख्य सेवाएं प्रदान की वह अद्भुत है।
उन्होंने कहा कि शहरी पथ विक्रेताओं को प्रमुख 8 योजनाओं से जोड़ने का भी कार्य नगर निगम ने शुरू कर दिया गया है। जिसमें मुख्य रुप से आवास योजना,श्रमयोगी मानधन योजना,जीवन ज्योति योजना,जनधन सुरक्षा बीमा योजना,आयुष्मान भारत योजना से पटरी व्यवसायियों को जोड़ा जाएगा।
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह और कॉन्फरडेशन ऑफ़ फ्री ट्रेड यूनियन महासचिव नीरज चौबे ने कहा कि देशभर के रेहड़ी, पटरी, ठेला वालों ने सदैव अपना योगदान देश की हर प्रकार की परिस्थिति में दिया है। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह (महादेव) ने की। स्व. प्रमोद कुमार निगम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में अभिषेक निगम, मनोज कुमार, पीके द्विवेदी, प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, प्रमोद अग्रहरी, सविता सिंह, विजय प्रकाश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।