बीएचयू की ओर से यहां पढ़ने वाले छात्रों के लिए नई पहल की गई है। विवि की आधिकारिक डोमेन पर सभी छात्रों को ई-मेल आईडी उपलब्ध कराई जाएगा। इस व्यवस्था के तहत अब सभी विद्यार्थियों को bhu.ac.in डोमेन पर ई-मेल अकाउंट दिए जाएंगे। अब तक विवि डोमेन ई-मेल आईडी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और पीएचडी शोधार्थियों को अनुरोध के आधार पर जारी की जाती थी। अब यह सुविधा औपचारिक रूप से सभी विद्यार्थियों को दी जा रही है, इससे लगभग 18 से 20,000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उनके शिक्षकों, विभागों तथा विश्वविद्यालय से और अधिक निकटता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की नीतियों, महत्वपूर्ण निर्णयों एवं नवीनतम सूचनाओं के प्रति अधिक जागरूक होना आवश्यक है। कंप्यूटर सेंटर के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि बीएचयू देश के उन चुनिंदा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में से है, जो अपने सभी विद्यार्थियों को यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है।