रोते हुए न्याय की गुहार लगाती आकांक्षा की मां
- फोटो : अमर उजाला
इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज आकांक्षा की मां मधु दुबे अपने परिजनों और जनसत्ता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सारनाथ थाने पहुंची। थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और पुलिस विरोधी नारेबाजी की गई।
सारनाथ थाने के बाहर धरना प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मधु दुबे ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। प्रदर्शन के दौरान रोती-बिलखती हुई मधु दुबे अचेत भी हो गईं। मधु दुबे ने कहा कि अगर आरोपी जल्द पकड़े नहीं गए तो वह जान दे देंगी। लगभग सवा घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्त में होंगे, तब जाकर मधु दुबे सहित अन्य लोग शांत हुए।
होटल का सीसीटीवी फुटेज
- फोटो : सोशल मीडिया
मधु दुबे ने कहा कि शनिवार रात उनकी बेटी आकांक्षा को छोड़ने टिकरी निवासी एक युवक होटल में आया था। वह आकांक्षा के कमरे में 17 मिनट तक रुका था। पुलिस ने उसे पकड़ कर क्यों छोड़ दिया। वह इस पूरे प्रकरण की एक अहम कड़ी साबित हो सकता है। होटल प्रबंधन की खामियों के लिए अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। मधु दुबे ने कहा कि अगर 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गुहार लगाएंगी। इसके साथ ही आकांक्षा की मौत की सीबीआई जांच की मांग भी करेंगी।