Varanasi: BHU की दो छात्राओं से NIA नक्सल मामले में कर रही पूछताछ
- फोटो : अमर उजाला
हथियारों को इकट्ठा करने के लिए खराद स्थापित की गई
एनआईए के अनुसार, बीते अगस्त महीने में बिहार में रोहित राय उर्फ रोहित विद्यार्थी गिरफ्तार किया गया था। उसका भाई रितेश विद्यार्थी है। रोहित से पूछताछ के बाद पुलिस ने सीपीआई (माओवादी) के सीसी सदस्य और एनआरबी (उत्तरी क्षेत्रीय ब्यूरो) के प्रभारी प्रमोद मिश्रा की गिरफ्तारी भी बिहार से ही की। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने बिहार में हथियार, गोला-बारूद बरामद करते हुए एक बंदूक फैक्ट्री सीज की थी। यहां बिहार और यूपी में हथियारों के पार्ट्स बनाने और देशी हथियारों को इकट्ठा करने के लिए एक खराद स्थापित किया गया था।
मोबाइल और लैपटॉप से मिलेंगे अहम राज
खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े अफसरों ने बताया कि एनआईए के छापे के दौरान जो मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए गए हैं, उनसे अहम राज खुलकर सामने आएंगे। एनआईए मोबाइल और लैपटॉप के डेटा का विस्तृत अध्ययन कर सीपीआई (माओवादी) के गिरफ्तार आरोपियों और उनके सहयोगियों के संबंधों की तह तक जाएगी। इसके बाद पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के सहयोगियों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
मकान मालिक ने साधा पुलिस से संपर्क
आकांक्षा आजाद और उसकी दोस्त सिद्धि फिलहाल महामनापुरी कॉलोनी स्थित किराये के उसी फ्लैट में है, जहां मंगलवार को एनआईए ने छापा मारकर आठ घंटे तक पूछताछ की थी। मकान मालिक ने बुधवार को चितईपुर थाने की पुलिस से संपर्क कर पूछा कि एनआईए के छापे के बाद क्या उन्हें छात्राओं से आवास खाली करा लेना चाहिए? इस पर पुलिस ने कहा कि अपने स्वविवेक से काम करें।