75वें जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य महाराज के जन्मदिवस पर पंचगंगा घाट स्थित श्रीमठ में समारोह हुआ। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पदाधिकारियों संग शामिल होकर रामानंदाचार्य का आशीर्वाद लिया। अजय राय ने बताया कि काशी भारत की उस महान संत परंपरा की जीवंत साक्षी है, जिसने समाज को भक्ति, ज्ञान और समरसता की दिशा दी। जगद्गुरु रामानंदाचार्य परंपरा का प्रभाव केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के स्तर पर भी अत्यंत व्यापक रहा है। जगद्गुरु रामानंदाचार्य परंपरा के महान शिष्य कबीर दास ने निर्भीक होकर समाज में फैली कुरीतियों, पाखंड और भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई और मानवता, प्रेम और समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज जब समाज को बांटने की कोशिशें हो रही है, तब संत परंपरा का संदेश सत्य, सेवा और संस्कार और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, विश्वनाथ कुंवर, अनुपम राय, विनीत चौबे, विनय जायसवाल आदि मौजूद रहे।