फिल्म अभिनेता अजय देवगन ने बृहस्पतिवार को बाबा दरबार में हाजिरी लगाई। जब वह भोले बाबा के चौखट पर अपनी मनोकामना लेकर पहुंचे तो जानकारी होने के बाद समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। अजय ने प्रशंसकों को निराश भी नहीं किया और हर-हर महादेव का जयघोष कर उनका अभिवादन किया। अजय देवगन ने कहा कि बनारस आकर जैसा सभी को लगता है वैसा मुझे भी लग रहा है, हर-हर महादेव।
बृहस्पतिवार को अजय अपने निजी विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और शहर के लिए रवाना हो गए। शहर में वह नीली कैप, नीचे ब्लेजर के साथ काली पैंट में सुरक्षाकर्मियों से घिरे नजर आए। अजय देवगन के चेतसिंह किले में शूटिंग के लिए पहुंचने की सूचना मिलने पर उनके समर्थक भी वहां पहुंच गए। दोपहर में चेतसिंह घाट से नाव पर बैठकर रामनगर रवाना हो गए। रामनगर में खिड़की घाट से किले तक आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशन देखी। इसके बाद अस्सी घाट से बजड़े पर सवार होकर श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और बाबा के दर्शन पूजन किए। टीम के साथ पहुंचे अजय देवगन ने शहर में कई स्थानों पर शूटिंग की लोकेशन भी देखी।