1965 और 1971 के युद्ध से लेकर कारगिल संघर्ष के ऑपरेशन सफेद सागर तक के भारतीय वायुसेना के सफर की झलक 25 अक्तूबर को नमो घाट पर देखने को मिलेगी। यहां इंडियन एयरफोर्स एरियल डिस्प्ले-2026 में होने वाले हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के विमानों की सटीकता, पेशेवर दक्षता और आपसी समन्वय देखने को मिलेगा। इसके साथ ही मध्य वायु कमान की छह दशक से ज्यादा पुरानी परिचालन विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन में करीब 20 लाख लोग शामिल होंगे।
रक्षा मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी सूचना के अनुसार, मध्य वायु कमान और इसके अधीनस्थ संगठनों ने स्थापना के बाद से देश के विस्तृत और परिचालन की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। कमान की विरासत में युद्ध अभियानों के साथ मानवीय सहायता, आपदा राहत और संकट के समय नागरिक प्रशासन को सहयोग देने का भी लंबा इतिहास रहा है। एयर डिस्प्ले के माध्यम से लोगों को वायुसेना की इन भूमिकाओं से भी रूबरू कराया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं।
1965 और 1971 के युद्ध में निभाई अहम भूमिका
मध्य वायु कमान की परिचालन विरासत में 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध भी शामिल हैं। इसके अलावा मालदीव में चलाए गए ऑपरेशन कैक्टस और कारगिल संघर्ष के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर में भी कमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एयर डिस्प्ले के जरिए वायुसेना की इसी परिचालन क्षमता और सेवा परंपरा को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं को वायुसेना से जोड़ने पर जोर
नमो घाट पर होने वाला एयर डिस्प्ले युवाओं को भारतीय वायुसेना की विभिन्न भूमिकाओं और क्षमताओं से परिचित कराने का माध्यम भी बनेगा। कार्यक्रम के जरिए लोगों को वायुसेना की कार्यप्रणाली, सेवा परंपराओं और देश के लिए निभाई जा रही जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय और सांस्कृतिक महत्व वाले नमो घाट पर आयोजन होने से स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की भी संभावना है।
बाद में जारी होगी पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था
कार्यक्रम को लेकर निर्धारित दर्शक क्षेत्र, हवाई प्रदर्शन का समय, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश आयोजन की तारीख नजदीक आने पर अधिकृत माध्यमों से जारी किए जाएंगे। रक्षा मंत्रालय ने लोगों से कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने और जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा कर्मियों तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों को सहयोग करने की अपील की है।