भीड़ को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों, सभी घाटों और गंगा उस पार दो लेयर की बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं, घाटों के आपसी कनेक्शन को भी बंद कर दिया जाएगा, जिससे कि लोग एक से दूसरे घाट पर न आ सकें। नमो घाट से बसंता कॉलेज, आसपास के इलाके में सिर्फ 1 हजार वाहनों की पार्किंग ही संभव हो पा रही है। इसे देखते हुए जितने भी वीवीआईपी शो में शामिल होने वाराणसी पहुंचेंगे, उन्हें स्पेशल बसों से नमो घाट लाया जाएगा। कुछ लोगों को नाव और क्रूज से पहुंचाया जाएगा।
एयर शो गंगा इस पार और उस पार दोनों ओर दर्शक देख सकेंगे। यही नहीं घाट के पास की छतों से भी एयरशो नजर आएगा। चंदौली पड़ाव के रास्ते राजघाट पुल होते हुए वाहन वाराणसी की सीमा में प्रवेश करेंगे। ऐसे ही वाराणसी से इसी पुल के माध्यम से पड़ाव होते हुए चंदौली और आगे जाएंगे। शो में आने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए राजघाट और सामने घाट पुल पर आवागमन बंद किया जा सकता है। हालांकि इस पर निर्णय अभी बाद में होगा।
20 और 21 अक्तूबर को होगा अभ्यास
एयर शो को लेकर वायु सेना के विमान 20 और 21 अक्तूबर को गंगा के ऊपर अभ्यास करेंगे। इनकी पार्किंग वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर की जाएगी। इसके लिए फाइटर बे बनकर तैयार हो जाएगा। अभ्यास के दौरान कुछ एयरक्राफ्ट क्रूज पर उतर सकते हैं। इसकी संभावना देखने के लिए अभी वायु सेना के अधिकारी निरीक्षण करेंगे।
इसे भी पढ़ें; एशियन गेम्स: सिगरा एनसीओई को कमलजीत ने दिलाया पहला पदक, तीन माह से वाराणसी में ले रहे प्रशिक्षण
बैठक के बाद दिन में परिवहन विभाग के अधिकारियों और शाम को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नमो घाट पर एयर शो की व्यवस्थाओं के दृष्टिगत निरीक्षण किया। घाट पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, आवागमन के लिए रूट आदि अधिकारियों ने देखा। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा मौजूद रहे।