बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंडिया ''हब एंड स्पोक'' व्यवस्था लागू करेगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री 25 जून को इसका उद्घाटन करेंगे। इस नई प्रणाली से वाराणसी एयरपोर्ट देश के बड़े हब एयरपोर्टों से जुड़कर अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सुगम बनाएगा। एयर इंडिया के स्टेशन हेड आतिफ इदरीस ने बताया कि इस नई प्रणाली के तहत एयर इंडिया की विशेष उड़ान सेवा शुरू होगी। पहली उड़ान वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद दिल्ली से लंदन के लिए सीधी उड़ान होगी। इससे पूर्वांचल, बिहार और आसपास के यात्रियों को दिल्ली में दोबारा पंजीकरण, सीमा शुल्क या आव्रजन की झंझट नहीं होगी। उनके सामान का स्थानांतरण भी आसान हो जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने रनवे विस्तार, नए पैसेंजर लाउंज और अंतरराष्ट्रीय आव्रजन काउंटरों की तैयारियों का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि यह देश का पहला एयरपोर्ट होगा, जहां से हब एंड स्पोक प्रणाली की शुरुआत होगी। संवाद