बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिण परिसर में दीक्षारंभ-2026 का समापन हो गया। नए एलटी सेमिनार हॉल में बीएससी (ऑनर्स) कृषि कोर्स में नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत किया गया। नई शुरुआत, उज्ज्वल भविष्य और एक नया अध्याय, एक उज्ज्वल भविष्य की थीम पर कार्यक्रम हुआ। मिर्जापुर एसपी सिटी अपर्णा राजत कौशिक ने अनुशासन, विविधता और विकास के मूल्यों की बात की। उन्होंने कहा कि एआई सभी उद्योगों पर राज कर सकता है, लेकिन यह कृषि का स्थान नहीं ले सकता। छात्र भविष्य के नेता हैं जो राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। सिविल सेवक बनने के इच्छुक छात्रों से बात कर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के टिप्स साझा किए। दक्षिणी परिसर के प्रमुख प्रो. बीएमएन कुमार की मौजूदगी में डॉ. कंचन पौडवाल ने दीक्षारंभ 2026 की एक व्यापक सारांश रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ. कुलदीप बौध ने छात्रों को सलाह दी कि परिसर जीवन को कॅरिअर पथ के सफल चयन के साथ प्रभावी ढंग से संतुलित करें। प्रो. बीएमएन कुमार ने कृषि छात्रों के अनुशासन और उनका मार्गदर्शन करने वाले अंतर्दृष्टिपूर्ण शिक्षकों की भी प्रशंसा की।