Varanasi News: एसटीएफ को एक करोड़ की रिश्वत ऑफर करने वाले दवा कारोबारी के तार सप्तसागर दवा मंडी से भी जुड़े हैं। यहां के एक कारोबारी से उसकी नजदीकियां थीं।
एसटीएफ को एक करोड़ की रिश्वत की पेशकश में गिरफ्तार आगरा के दवा कारोबारी हिमांशु अग्रवाल के तार वाराणसी समेत पूर्वांचल से भी जुड़े हुए हैं। सप्तसागर दवा मंडी के एक कारोबारी से उसकी नजदीकियां थीं। नकली और नशीली दवाओं का बड़ा सिंडिकेट संभालने वाले हिमांशु की बदौलत वाराणसी के एक दवा कारोबारी ने अकूत दौलत बनाई है। ऐसा सप्तसागर दवा मंडी के ही कुछ कारोबारियों ने बताया है।
विज्ञापन
दवा कारोबारी का साथ देने वाले शिवपुर थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर का भी नाम सामने आया है। यूपी एसटीएफ की टीम वाराणसी समेत पूर्वांचल में हिमांशु के करीबियों की कुंडली खंगाल रही है। माना जा रहा है कि एसटीएफ जल्द ही दवा कारोबारी पर भी शिकंजा कस सकती है।
चेन्नई से नकली दवाएं तैयार कराकर उत्तर प्रदेश के रास्ते बंगाल और बांग्लादेश तक सप्लाई का सिंडिकेट संभालने वाले हिमांशु अग्रवाल की बदौलत वाराणसी के दवा कारोबारी ने अपने व्यापार को खूब आगे बढ़ाया।
यूपी एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप चैट, फर्मों के कागजात, बैकिंग लेनदेन समेत अन्य कई कागजात खंगालने पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के दवा कारोबारियों के नाम और उनके फर्मों की पहचान हुई है। वाराणसी से भी दवा कारोबारी के तार जुड़ने की आशंका है। सप्तसागर दवा मंडी में आगरा से भी दवाइयां आती हैं।