उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में ट्रेन के गुजरते ही रविवार की देर रात दिलदारनगर रेलवे स्टेशन के सामने अप लाइन की पटरी चटक गई। सूचना मिलते ही पहुंचे रेलपथ कर्मचारियों की टीम ने कलेंप बांधकर पटरी दुरुस्त की। इसके बाद काशन के सहारे ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अगरतल्ला-हबीबगंज ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद दिलदारनगर स्टेशन स्थित शायर माता मंदिर के पास रेल पटरी चटक गई। संयोग ठीक रहा कि पेट्रोलिंग कर रहे कर्मचारियों की नजर चटकी पटरी पर पड़ी, उन्होंने तत्काल सूचना विभागीय अधिकारियों को दी।
इधर रेलपथ के कर्मचारियों ने रात करीब डेढ़ बजे पटरी में कलेंप बांधकर दुरुस्त किया। हालांकि एक्सप्रेस के पीछे कोई ट्रेन नहीं होने के कारण रेल परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
इस संबंध में सहायक रेल पथ निरीक्षक लल्लन राम ने बताया कि चटकी रेल पटरी के पास कलेंप बांधकर दुरुस्त कर दिया गया है। ट्रेनों को 30 किमी की रफ्तार से काशन के सहारे संचालन सुचारू कराया गया।