मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश श्री काशी विश्वनाथ धाम के काम में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। मंगलवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में सीईओ और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। संभावना जताई जा रही है कि सप्ताह भर के अंदर निर्माण कार्य में आ रही परेशानियों को दूर कर लिया जाएगा।
बैठक में निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने काम के दौरान आ रही परेशानियां बताईं। उन्होंने बताया कि 24 में से 18 इमारतों के पाइलिंग का काम 70 फीसदी पूरा हो चुका है। मंदिर चौक भी अब साकार होने लगा है। छह सौ मजदूर दो शिफ्टों में काम कर रहे हैं। इमारतों के काम के लिए अब मजदूरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। लिहाजा एक हजार मजदूरों को जल्द ही काम में लगाया जाएगा।
वहीं, बीएचयू की टीम मंदिरों के ऐतिहासिक साक्ष्य इकट्ठा करने पर काम कर रही है। कोविड-19 के कारण काम की रफ्तार अभी धीमी है। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों से सुझाव लिए गए हैं। जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। मजदूरों की संख्या बढ़ाने की कोशिश चल रही है। मजदूरों की संख्या बढ़ते ही काम में और तेजी आएगी।