वाराणसी। फार्म मशीनरी बैक के तहत 22 साल बाद जिले की तीन औद्यानिक सहकारी समितियों को कृषि यंत्र मिला है। राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) की ओर से शुक्रवार को सेवापुरी और बड़ागांव विकास खंड की तीन समितियों को ट्रैक्टर, रोटावेटर, थ्रेसर, रेपर, चापर सहित कई यंत्रों का का वितरण किया गया।
सेवापुरी के आदर्श छात्र निर्माण विद्यालय गजेपुर में कृषि यंत्रों के वितरण आयोजन किया गया। औद्यानिक सहकारी समिति गजेपुर और पूरे बरिया एवं औद्यानिक सहकारी समिति ढोढ़ईपुर बड़ागांव को कृषि यंत्र का वितरण किया। इसका लाभ एक समिति के करीब एक हजार किसानों को मिलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य ने किया। इस मौके पर हाफेड प्रबंध निदेशक अंजनी कुमार श्रीवास्तव, उप निदेशक उद्यान जय करन सिंह उपस्थित थे।
हाफेड के उपाध्यक्ष शिवलाल ने बताया कि औद्यानिक खेती करने वाले किसानों के सहयोग के लिए वर्ष 2001 से जिले में हाफेड के तहत करीब 28 समितियों का गठन किया गया था। इनमें से फिलहाल 16 समितियां सक्रिय हैं। जिनमें छह समितियों ने फार्म मशीनरी बैक के लिए आवेदन किया था जिसमें मात्र तीन को ही अभी कृषि यंत्र मिले हैं। संवाद
----------
विकास खंडों में भी किसानों का बढ़ाया उत्साह
राजातालाब। आराजी लाइन विकासखंड पर किसान दिवस पर ब्लाक प्रमुख नगीना पटेल ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले किसानों में राजनाथ राम, दिवाकर सिंह, कृष्णचंद्र सिंह, राजेश कुमार सिंह रहे।
चिरईगांव ब्लॉक पर आयोजित समारोह में अमौली के किसान कैलाश सिंह, तोफापुर के अवधेश, गोपपुर के नंदा सिंह को सम्मानित किया गया। सहायक विकास अधिकारी डॉ. राजशेखर ने बताया कि सम्मानित किए गए किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये भेजे जाएंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह जयंती भारतीय पशुपालक संघ के कार्यालय तरयां में मनाई गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे हितैषी थे।
------------
कल्लीपुर में 12 किसानों को किया सम्मानित
मिर्जामुराद। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में किसान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र रघुबंशी ने कहा कि स्व. चौधरी चरण सिंह किसानों के प्रति संवेदनशील रहे। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर एवं विशिष्ट अतिथि महिला किसान प्रतिनिधि चंद्रकला देवी रहीं। महिला किसान राजकुमारी, गीता, सावित्री, रंजना भारती, सर्वेश्वर सिंह, उदय भान सिंह समेत 12 किसानों को सम्मानित किया गया।