परिवार से जुड़ी कोई बात हो सकती है आत्महत्या की वजह
- दीवानी कचहरी की नौ मंजिला बिल्डिंग से कूद कर जान देने वाले अधिवक्ता की मौत की गुत्थी नहीं सुलझी
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। दीवानी कचहरी स्थित नौ मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत से कूद कर जान देने वाले अधिवक्ता प्रशांत सिंह की आत्महत्या की वजह शुक्रवार को भी स्पष्ट नहीं हो सकी। प्रकरण की तफ्तीश कर रही कैंट थाने की पुलिस के अनुसार अब तक जो तथ्य सामने आए हैं, उनके अनुसार अधिवक्ता की आत्महत्या की वजह उनके परिवार से ही जुड़ी हो सकती है। फिलहाल, प्रकरण की जांच जारी है और इस संबंध में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
सिकरौल भोजूबीर निवासी अधिवक्ता प्रशांत सिंह ने बृहस्पतिवार की सुबह दीवानी कचहरी परिसर स्थित नौ मंजिला बिल्डिंग से छलांग लगा कर जान दे दी थी। कैंट थाने की पुलिस प्रशांत के जमीन से जुड़े कामकाज के साथ ही उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, लेकिन आत्महत्या की वजह स्पष्ट नही हो सकी। इस संबंध में प्रशांत के परिजनों और दोस्तों से भी पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक की विवेचना में आर्थिक तंगी या किसी द्वारा परेशान किए जाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी पारिवारिक वजह से अधिवक्ता ने आत्महत्या की है।
---------
कचहरी में होती रही चर्चा, लोग देखते रहे बिल्डिंग
अधिवक्ता प्रशांत की आत्महत्या का प्रकरण शुक्रवार को भी दीवानी कचहरी के अधिवक्ताओं के बीच चर्चाओं का विषय बना रहा। वहीं, जो वादकारी कचहरी आए थे वह भी निर्माणाधीन बिल्डिंग के सामने ठिठक जा रहे थे। अधिवक्ता भी इस बात को जानने के लिए परेशान हैं कि हर तरह से सुविधा संपन्न प्रशांत ने आखिरकार आत्महत्या क्यों की।