संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय बी की तरफ से मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि से नवाजा जाएगा। बुधवार को सुबह 11 बजे विवि के मुख्य भवन स्थित सभागार में आयोजित समारोह में यह उपाधि दी जाएगी। इसके लिए ग्रुप मुख्यालय के अधिकारियों ने सोमवार को कुलपति से मुलाकात की। विवि के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि समारोह के दौरान कुलपति को एनसीसी की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सैन्य परंपरा एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप कुलपति को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि के पदचिह्न एवं सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। कुलानुशासक प्रो. जितेंद्र कुमार ने बताया कि समारोह राष्ट्रीय कैडेट कोर, वाराणसी बी समूह मुख्यालय की ओर से कराया जा रहा है। इस दौरान एनसीसी बी मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार, 100 यूपी बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश वीरौशन, 97 बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा के साथ ही अन्य अधिकारी मौजूद रहे।