यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी को 11वां स्थान मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक एनडी शर्मा ने नाराजगी जताई है। बुधवार को समीक्षा बैठक में डॉ. शर्मा ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। विशेष रूप से आकांक्षात्मक ब्लॉकों की प्रगति पर फोकस करते हुए चंदौली के चहनिया, जौनपुर के मछलीशहर व रामपुर और गाजीपुर के देवकली, बाराचवर, सादात, बिरनो, मरदह व रेवतीपुर की स्थिति की समीक्षा की।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत गोल्डन कार्ड बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। जीरो पॉवर्टी लाइन की सूची के आधार पर सभी पात्र परिवारों और उनके सदस्यों के गोल्डन कार्ड एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत महिला हिंसा से जुड़े पंजीकृत मामलों में समय से चिकित्सीय परीक्षण पूर्ण कराने के निर्देश सभी सीएमओ को दिए। वहीं, कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समय से आवेदन कराकर योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। पुरुष एवं महिला नसबंदी की उपलब्धि गाजीपुर और जौनपुर में सबसे कम पाई गई। इस पर विशेष प्रयास कर लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।