वाराणसी। स्थानांतरण होने के बाद भी बंगला नहीं खाली कर रहे चंदौली के एडीएम न्यायिक के आवास पर शनिवार को मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पहुंची। काफी जद्दोजहद के बाद एडीएम मौके पर आए और उन्होंने जल्द ही आवास खाली कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस लौट गई।
रात में नया पैतरा अपनाते हुए एडीएम चंदौली ने जिलाधिकारी वाराणसी को एक पत्र जारी कर दिया। इसमें तत्काल आवास खाली कराने के लिए 50 किमी के अंदर आवासीय सुविधा वाले जिले में तबादले की शर्त रख दी। चंदौली में एडीएम न्यायिक अनिल कुमार त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा कि आयुक्त वाराणसी मंडल ने अपर मुख्य सचिव नियुक्ति को मेरा तबादला अपर आयुक्त न्यायिक के पद पर करने के लिए चिट्ठी लिखी है। यदि आप चाहते हैं कि मैं तत्काल आवास खाली कर दूं तो मेरा स्थानांतरण 50 किमी के अंदर अन्य जनपद में करा दें, जहां आवासीय सुविधा हो। चंदौली नया जिला है और यहां सरकारी आवास नहीं है।
दरअसल, वाराणसी में मुख्य राजस्व अधिकारी पद पर तैनात रहे अनिल कुमार त्रिपाठी का चार महीने पहले चंदौली में तबादला हो गया था। तबादले के बाद भी अनिल कुमार ने वाराणसी के डीएम कंपाउंड स्थित सरकारी बंगला बी-6 को खाली नहीं किया है। बंगला खाली कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कई बार उन्हें नोटिस भी दिया। उधर, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि उन्हें जवाब भिजवा दिया गया है। नियुक्ति विभाग में इनके खिलाफ चार्जशीट भी भेजी गई है।