महेशपुर स्थित सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर निकलतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड की परीक्षा में दूसरे दिन शुक्रवार को केंद्रों पर 20 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 840 कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे। पहली पाली में 127 केंद्रों पर परीक्षा हुई। नागरिक शास्त्र में ही ज्यादा परीक्षार्थी थे। दोनों पालियों में 14060 परीक्षार्थियों में से 712 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में केवल 50 केंद्रों पर ही परीक्षा हुई।
डीआईओएस ने अनुपस्थित कक्ष निरीक्षकों पर कार्रवाई करने को कहा है। 128 केंद्रों पर 128 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में 4485 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
पहले दिन हिंदी विषय अनिवार्य होने से परीक्षार्थियों की केंद्रों पर भीड़ थी। दूसरे दिन नागरिक शास्त्र को छोड़कर ज्यादा व्यावसायिक विषयों की परीक्षा थी। इससे कम केंद्रों पर ही परीक्षा हुई। हाईस्कूल में अरबी, फारसी, संगीत गायन तथा इंटर में नागरिक शास्त्र, सामान्य आधारित विषय, कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा थी।
पहली पाली में 127 केंद्रों तथा दूसरी में 50 केंद्रों पर परीक्षा हुई। 11154 परीक्षार्थी नागरिक शास्त्र के थे और 247 अरबी व फारसी के थे। पहली पाली में ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षक केंद्र पर नहीं पहुंचे।
इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि गैरहाजिर कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनका वेतन काटा जाएगा। अब अगली परीक्षा 27 फरवरी को होगी।