वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 67वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को शहर भर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भारतीय युवक कांग्रेस की ओर से चौक स्थित कार्यालय में बापू के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया।
इस दौरान दक्षिणी विधानसभा के अध्यक्ष विपिन मेहता की मौजूदगी में रामधुन रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम..का गायन हुआ।
उधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रशासनिक भवन के सामने बापू की प्रतिमा पर कुलपति डा. पृथ्वीश नाग ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। सात यूपी एयर एनसीसी कैडेट्स ने लंका व आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाया। विंग कमांडर नसीब बामल के नेतृत्व में सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया।
भारतेंदु अकादमी और स्नेही इंटरनेशनल की ओर से टाउनहाल स्थित गांधी भवन में बापू और पत्नी कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान अकादमी के अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी की अध्यक्षता में गांधी के सपनों का भारत विषय पर संगोष्ठी हुई। रामधुन के बाद सर्वधर्म श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने विचार व्यक्त किए।
सद्भावना एकता मंच ने चितरंजन पार्क से मौन जुलूस निकाला। गोदौलिया, चौक होते हुए जुलूस टाउनहाल स्थित बापू प्रतिमा पर समाप्त हुआ। डर्बीशायर क्लब ने बेनियाबाग स्थित बापू के अस्थि कलश रखने वाले स्थान गांधी चबूतरे के सामने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर ने लोगों को संबोधित किया ।