फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: मुनाफे का झांसा देकर ठगने का आरोप, 30 साल पुराने कारतूस को कराया नष्ट; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sat, 26 Apr 2025 05:15 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में हंगामा होने की सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। किसी ने इसकी तहरीर नहीं दी है। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल मालखाने में 30 साल से पड़े 12 बोर के कारतूस का शुक्रवार को निस्तारण हो गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: जैतपुरा थाना क्षेत्र के सारंग तालाब इलाके में शुक्रवार को एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। हंगामा कर रहे लोगों में ज्यादातर पुलिस विभाग के सिपाही और दरोगा थे। किसी ने भी जैतपुरा थाने में तहरीर नहीं दी है।

विज्ञापन


अशोक बिहार कॉलोनी निवासी एक युवक प्रतिमाह छह से सात प्रतिशत तक का मुनाफा दिलाने की बात कह कर कई पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों का पैसा एक फाइनेंस कंपनी में निवेश कराया है। निवेशकों का आरोप है कि उनसे गलत वादा कर पैसा लिया गया और अब भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे वह खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

इसे लेकर कई निवेशक सारंग तालाब स्थित फाइनेंस कंपनी के ऑफिस पहुंचकर हंगामा करने के साथ ही निवेश कराने वाले युवक के साथ हाथापाई भी किए। इस संबंध में जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस गई थी और सबको शांत कराया। फिलहाल किसी ने तहरीर नहीं दी है।
विज्ञापन


अनियंत्रित डंपर पेड़ से टकराया, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
आदमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। राजघाट किला कोहना स्थित पुलिस बूथ के पास एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर रेलवे की बाउंड्री तोड़ते हुए नीम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ की एक बड़ी डाली टूटकर जमीन पर गिर पड़ी। हादसे के वक्त पास में स्थित पुलिस बूथ पर पुलिसकर्मी तैनात थे।

संयोगवश कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिस ने बताया कि काशी रेलवे स्टेशन के नव निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। डंपर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था तभी घटना हुई। पुलिस ने रेलवे अधिकारियों को सूचित किया और सड़क पर गिरी नीम की डाली को जेसीबी की सहायता से हटाया गया।

दुष्कर्म और दहेज प्रताड़ना के मामले में जेठ को मिली जमानत
विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में जेठ को कोर्ट से राहत मिल गई। फास्ट ट्रैक कोर्ट मनोज कुमार की अदालत ने नियामताबाद, अलीनगर (चंदौली) निवासी जेठ को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार पीड़िता ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसकी शादी 18 अप्रैल 2024 को हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल गई तो उसके पति, ससुर और जेठ के साथ अन्य लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। साथ ही ससुर और जेठ आए दिन उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। जब उसने इसकी शिकायत अपने पति और जेठानी से की तो सभी उसे गाली देते हुए मारने-पीटने लगे। इसके बाद उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

30 साल पुराने कारतूस को कराया नष्ट
कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल मालखाने में 30 साल से पड़े 12 बोर के कारतूस का शुक्रवार को निस्तारण हो गया। सभी कारतूस को एसीपी चेतगंज गौरव कुमार को सौंपा गया, जिसका पुलिस लाइन में गड्ढ़ा खोदकर निस्तारण कराया जाएगा।

वर्ष 1995 में एक पार्सल पैकेट से बरामद 12 बोर के 500 कारतूस की कोई सुधि लेने वाला नहीं था। लिहाजा, एक्सपायरी होकर वह खुद-ब-खुद गलने लगी। कारतूस की इस पेटी को टिकट पार्सल श्रेणी में बुक करवाया गया था, लेकिन पार्सल पर नाम पता साफ नहीं होने की वजह से उसे रेलवे ने नहीं भेजा। 

न ही इस पार्सल को कोई लेने आया। जिसकी वजह से अभी तक यह रेलवे के पार्सल विभाग में पड़ा हुआ था। कारतूस निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, एसीएम आनंद मोहन उपाध्याय, आरआई नलीन प्रसाद एवं हेड आर्मर राम प्रकाश यादव मौजूद रहे।

प्लास्टिक जब्त कर लगाया जुर्माना
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल संदीप शर्मा की अगुवाई में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। रामनगर सब्जी मंडी से चौक तक अवैध वेंडर के विरुद्ध अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रोड के दोनों तरफ ठेला गाड़ी, सब्जी की दुकानें, होर्डिंग को हटवाकर उन्हें वेंडिंग जोन में लगाने की चेतावनी दी गई।

इस दौरान चार किलो प्लास्टिक जब्त की गई। अपर नगर आयुक्त संगम लाल के निर्देश पर गिरजाघर चौराहा चेतावनी के बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर कार्रवाई की गई। ठेला वालों पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दुर्गाकुंड में अभियान चलाकर कब्जा हटवाया गया।

काशी विद्यापीठ में छात्र गुटों के बीच मारपीट
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को छात्र गुटों के बीच मारपीट हुई। मारपीट में घायल छात्रों ने सिगरा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। देर शाम छात्रों के दोनों गुटों ने समझौता कर लिया। मारपीट में घायल महेशपुर क्षेत्र निवासी एक छात्र की फोटो भी सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल हुई। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि छात्रों ने आपस में समझौता कर लिया है। 

हेमंत के परिवार से मिलीं डॉ. पल्लवी, पीएम का घेराव करने की बात कही
अपना दल कमेरावादी की नेता विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शुक्रवार को अधिवक्ता पुत्र छात्र हेमंत सिंह पटेल के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद सर्किट हाउस में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज करने में देरी और उसके बाद हेराफेरी की गई। मुकदमे में पुलिस की ओर से लगातार जानबूझकर कुछ लोगों को बचाने का प्रयास किया गया। 

कहा कि वह न्याय के लिए हम वाराणसी स्थित पीएम कार्यालय का घेराव करेंगे। डॉ. पल्लवी हत्या करने वाले भाजपा के नेता और प्रभावशाली रसूख रखने वाले है, इसलिए पूरा पुलिस महकमा कमजोर साबित हो रहा है। 

पुलिस अपराधियों में से पकड़े गए एक व्यक्ति के थाने से लेकर जेल दाखिल करने तक आवभगत में लगी रही। इससे लोगों में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग और खासकर पटेल समाज पर हो रहे जुल्म अब बर्दाश्त नहीं करेंगे। घटना के बाद से ही पूरा अपना दल कमेरावादी सड़कों पर उतरकर आंदोलनरत है।

सांड़ की चपेट में आने से बाइक सवार पिता बेटी घायल
मिर्जामुराद के भोरकला गांव स्थित ज्ञानपुर नहर मार्ग पर गुरुवार रात कपसेठी में पिता और बेटी सांड से टकरा गई। जिससे वह दोनों घायल हो गए। लोगों ने बताया कि मुबारक अली (45), समसिया (16) वैवाहिक कार्यक्रम से घर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में सांड से टकरा गए। ग्रामीणों के सहयोग से घायल दोनों बाप बेटी को इलाज हेतु ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 

पीएचडी मामले में बीएचयू के हिंदी भवन का घेराव
दो धरने खत्म हो गए हैं, मगर बीएचयू अभी शांत नहीं हुआ। पीएचडी प्रवेश की मांग को लेकर वीसी आवास के सामने आठवें दिन धरना जारी रहा। एबीवीपी के सदस्य कैंपस भर में भगवा झंडा लेकर आक्रोश मार्च पर निकले। नारेबाजी करते हुए हिंदी विभाग के हिंदी भवन का घेराव कर लिया। छात्र हिंदी विभाग में अंदर घुस गए और विभागाध्यक्ष समेत कई प्रोफेसरों से बहस हो गई। कई छात्रों ने अर्चिता के प्रवेश पर भी सवाल उठाया।

कुलपति आवास के सामने धरने पर बैठे भास्करादित्य त्रिपाठी के समर्थन में चल रहे धरने के तहत शुक्रवार को छात्र संगठन एबीवीपी ने हिंदी भवन का घेराव किया। भास्करादित्य ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन निर्णय संबंधी पत्रावली क्यों नहीं जारी कर रहा है।

विभाग पर शोध प्रवेश में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि असंवैधानिक रूप से लिए गए निर्णय के विरुद्ध हैं। पीएचडी बुलेटिन के अनुसार, हमारा प्रवेश होना चाहिए। इस दौरान कैंपस भर में घूम-घूमकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रही।

मेडिकल स्टोर संचालक की सोने की चेन छीनी
चोलापुर के बेला गांव के समीप बेला-पहड़िया मार्ग पर गुरुवार की रात एक मेडिकल स्टोर संचालक की सोने की चेन बदमाशों ने चेन छीन ली। भुक्तभोगी ने घटना के संबंध में चोलापुर थाने में तहरीर दी है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी प्रिंस चतुर्वेदी का बेला त्रिमुहानी पर मेडिकल स्टोर है। 

प्रिंस ने बताया कि शाम को मेडिकल स्टोर बंद कर वह बाइक से घर जा रहे थे। कृष्ण महाविद्यालय के समीप पुलिया के पास दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने प्रिंस के गर्दन पर पीछे से वार किया। तीनों प्रिंस की बाइक और सोने की चेन छीनने लगे। वह गिरते-पड़ते बाइक लेकर भागे, लेकिन तब तक बदमाशों ने उनकी चेन छीन लिए थे। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

बैग बेचने से मना किया, फिर व्यापारी को पीटा
गणेश महाल क्षेत्र के बैग विक्रेता रितेश पांडेय की शुक्रवार को पिटाई की गई। मामले को लेकर उन्होंने दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। डोमरी पड़ाव निवासी रितेश ने बताया कि वह बैग की होलसेल सप्लाई का काम करते हैं। राजेंद्र प्रसाद घाट पर सुबह के समय वह ग्राहक को बैग देने गए थे। घाट पर सोनू साहनी, पिंटू साहनी, जितेंद्र साहनी और चार-पांच अन्य लोग उन्हें घेर कर बैग बेचने से मना किया।

उन्होंने बताया कि वह बेचने नहीं आए हैं। इस पर सभी उन्हें पीटने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ा, जबकि बाकी अन्य भाग निकले। इस संबंध में दशाश्वमेध थाना प्रभारी ने बताया कि रितेश पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मोबाइल फोन छीनकर भागे बाइक सवार बदमाश
रोहनिया के बसंतपट्टी निवासी प्लंबर प्रमोद कुमार गुरुवार की शाम काम से खाली होने के बाद घर जा रहे थे। रास्ते में कॉल आने पर वह मोबाइल फोन से बात करने लगे। उन्होंने बताया कि उसी दौरान बगल से गुजरे बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मार कर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों तेजी से लठिया की ओर भाग गए। घटना के संबंध में प्रमोद ने रोहनिया थाने में शिकायत की है।

डीआईजी पीएसी ने किया 36वीं वाहिनी का निरीक्षण
डीआईजी पीएसी वाराणसी मनोज कुमार सोनकर ने शुक्रवार को 36वीं वाहिनी पीएसी का निरीक्षण किया। सेनानायक डॉ.अनिल कुमार पांडेय ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। परेड और क्वार्टर गार्ड की टर्नआउट से खुश होकर उन्होंने संपूर्ण परेड और क्वार्टर गार्ड को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की। उन्होंने फलदार पौधे लगाकर पौधरोपण किया। 

डीआईजी ने परिवहन शाखा, सेल्फी पॉइंट, वाहिनी चिकित्सालय, मियावाकी वन, डिजिटल लाइब्रेरी, बैडमिंटन हॉल, जिम्नेजियम हॉल, जी प्लस 11 बैरक,प्रशासनिक भवन, ओपन जिम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने हेरिटेज होम स्थित अराजपत्रित अतिथि गृह का लोकार्पण किया। सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जवानों की हर समस्या का त्वरित निस्तारण होगा। इस मौके पर राजेश कुमार, अबरार अहमद, कैलाश नाथ यादव, हरिओम राय, देवेश यादव उपस्थित रहे।

12वीं के छात्र की हत्या को लेकर सरदार सेना का प्रदर्शन
ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल, नटिनियादाई के 12वीं के छात्र हेमंत कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को सरदार सेना ने प्रदर्शन किया। सभी हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। सभी का कहना था कि हत्या के आरोप में जेल भेजे गए ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर रवि सिंह का घर ध्वस्त किया जाए।

पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। सभी को डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. आरएस पटेल, विशाल कुमार, गोविंद पटेल, सुरेश वर्मा शामिल रहे।

प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने दी श्रद्धांजलि
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती के बच्चों ने पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए लोगों को हाथ में तख्तियां लेकर श्रृद्वांजलि दी। बच्चों ने दीवारों पर आतंकी हमले के खिलाफ पोस्टर भी चिपकाए। शिक्षिका डाॅ. सुमन चौबे ने कहा कि सरकार को सारे आतंकी संगठनों को अब खत्म करने के प्रयास करना चाहिए।

संस्कार मानव का आभूषण, इसके बिना जीवन व्यर्थ : पं. आलोक कृष्ण
बालव्यास पं. आलोक कृष्ण ने कहा कि श्रीरामचरित मानस मानसरोवर है। इसके श्रवण करने से जीवन के कष्ट दूर हो जाते हैं। बिना राम भक्ति के व्यक्ति का जीवन बेकार है।

सारनाथ स्थित शक्तिपीठ पीठाधीश्वर धाम नीम करौली बाबा आश्रम चल रही 12 दिवसीय श्रीरामकथा कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के रग-रग में संस्कार है। जिस व्यक्ति के जीवन में संस्कार नहीं, उसका जीवन व्यर्थ है। संस्कार ही मानव जीवन का अहम आभूषण है। महंत आचार्य विद्या निवास, डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी ने पोथी पूजा की। अंत में आरती हुई।

15 दिनों में सभी सड़कों की मरम्मत करें पूरी
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि अगले 15 दिनों में सभी सड़कों की मरम्मत का काम पूरा करें। सदर और पिंडरा तहसील क्षेत्र में जहां जमीन नहीं मिल रही है, वहां के एसडीएम से संपर्क कर काम शुरू कराएं। डीपीएमयू टीम को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित लंबित भूमि विवाद सुलझा लें। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य कराएं।

वरुणा शाखा की अध्यक्ष बनीं निधि, सचिव पूजा
मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा वाराणसी का 10वां शपथ ग्रहण समारोह महमूरगंज स्थित एक पैलेस में किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष नवीन पालड़ीवाल और विशिष्ट अतिथि प्रांतीय महामंत्री पंकज अग्रवाल ने शपथ दिलाई। इसमें अध्यक्ष निधि जसरापुरिया, सचिव पूजा डेरोलिया और कोषाध्यक्ष रितु तुलस्यान ने पद की शपथ ली।

वहीं, उपाध्यक्ष आयुषी अग्रवाल, सांस्कृतिक मंत्री अर्चना सिंघी व आकांक्षा पोद्दार, प्रचार मंत्री स्वाति डोलिया व डॉ. सोनम अग्रवाल बनीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष निधि जसरापुरिया ने 14 कार्यकारिणी सदस्य सीमा अग्रवाल, डॉक्टर सोनम अग्रवाल, स्वाति डोलियां, कीर्ति केजरीवाल, अर्चना सिंधी, आकांक्षा पोद्दार दीपा तुलस्यान, राखी तुलस्यान, रश्मि बाजोरिया, रेनू बाजोरिया, शशि बुबना, संतोष पारीक, पूजा लिल्हा, श्वेता मुरारका को शपथ दिलाई।

सीएचएस में फीस जमा करने की लिंक जारी
बीएचयू के स्कूलों में काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू होते ही फीस जमा करने के लिए लिंक जारी कर दिया गया है। ई-लॉटरी रिजल्ट जारी कर उन छात्र और छात्राओं को सूचित किया है, जो कि दाखिले के लिए पात्र पाए गए हैं। यदि इनमें से जो बच्चे फीस जमा नहीं करते हैं तो फिर काउंसिलिंग के दौरान दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी।

बीएचयू के सेंट्रल हिंदू बॉयज, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय और साउथ कैंपस में एलकेजी, नर्सरी, कक्षा-1 और कक्षा 6 में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय में 28 अप्रैल को मेन लिस्ट और 29 अप्रैल को वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा। 

विद्यापीठ में 5 मई को होगी शोध समिति की बैठक
काशी विद्यापीठ में वनस्पति विज्ञान विषय की शोध समिति की बैठक पांच मई को होगी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी संकाय में रिसर्च कोर्स वर्क और पीएचडी रजिस्ट्रेशन के लिए शोध समिति (वनस्पति विज्ञान) की बैठक की जाएगी। डीन डॉ. अखिलेश चंद्र यादव ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजे से संकायाध्यक्ष कक्ष में होगी। 

विद्यापीठ में एलएलबी की छूटी परीक्षा 5 मई को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर और संबद्ध विधि महाविद्यालयों के एलएलबी (त्रिवर्षीय) और बीए एलएलबी (पंचवर्षीय) कोर्स के विद्यार्थियों की छूटी हुई मौखिक परीक्षा अब 5 मई को होगी। विधि विभागाध्यक्ष और डीन प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ककी मौखिक परीक्षा किन्ही कारणों से छूट गई है तो वह अब 5 मई को दे सकेंगे। परीक्षा दोपहर के एक बजे विधि विभाग में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण और अनुकरण अभ्यास पुस्तिका के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। अन्यथा उनकी मौखिकी संभव नहीं हो पाएगी। 

बच्चों की शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर दें ध्यान
स्टेट कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ (कम्युनिटी हेल्थ) डॉ. परवेज आलम और डिविजनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ वाराणसी डिवीजन आलोक कुमार राय ने शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय, आदमपुर में बैठक की। दोनों अफसरों ने बेसिक शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग का आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य का भी बेहतर होना जरूरी है। इस मौके पर बीईओ स्कंद गुप्ता, अखिलेश यादव, मनीषा प्रसाद और रहमत अली, अनूप लाल यादव और प्रशांत शर्मा मौजूद रहे।

कैंपस प्लेसमेंट में 72 का अभ्यर्थियों का चयन
मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत आईटीआई पास युवाओं के लिए शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन हुआ। इसमें लखनऊ और उत्तराखंड की एक कंपनी ने 114 अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया। इसमें 72 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। 

कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि 200 वैकेंसी पर दो छात्राओं का चयन हुआ है। अभ्यर्थियों को एक सप्ताह में मेडिकल के लिए लखनऊ बुलाया गया है। उन्हें प्रति माह 14,827 रुपये सैलरी मिलेगी। इस मौके पर प्लेसमेंट सह प्रभारी देवव्रत, अमरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अजीत श्रीवास्तव, उत्कर्ष पांडे उपस्थित रहे।

ब्लाॅक अफसरों ने गांव में लगाई चौपाल, सुनी समस्याएं
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के खुशीपुर और रमसीपुर गांव में ब्लॉक के अफसरों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। खुशीपुर गांव के पंचायत सचिवालय पर आयोजित चौपाल में सोना देवी, नीलम देवी, चंदा देवी ने पीएम आवास की मांग की। जिसपर ग्राम सचिव ने बताया कि सर्वे करा लिया गया है लक्ष्य आने पर आवंटित किया जाएगा।

गांव के झगड़ू राम ने वृद्धा पेंशन की मांग की। इस दौरान एडीओ समाज कल्याण शैलेंद्र सोनकर, एडीओ कृषि बालकेश्वर पटेल, एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव, एडीओ सहकारिता शिल्पी मिश्रा, सेक्टर प्रभारी अरविंद गुप्ता मौजूद रहे। 

कैबिनेट मंत्री ने किसान नेता को दी श्रद्धांजलि
किसान नेता कर्मवीर चौहान की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर उनके निवास स्थान पर पहुंचे। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसान नेता रहे कर्मवीर चौहान ने हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया। उनके पुत्र और पार्टी के प्रदेश महासचिव गणेश चौहान भी जनता और किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान जिला अध्यक्ष उमेश राजभर, राजेश यादव, नित्यानंद पांडे, महेश जायसवाल, सूबेदार चौहान मौजूद रहे।

51 दीप जलाकर दी श्रद्धांजलि
अशोक विहार कॉलोनी फेस-2 पहड़िया स्थित पार्क में पहलगाम आतंकी घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। 51 दीप जलाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर देवेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह, ऋचा तिवारी, ममिता राय, अरुण तिवारी, अर्चना सिंह, गुड़िया रस्तोगी आदि शामिल रहीं। 

प्रबुद्धजनों से भाजपा नेताओं ने की मुलाकात
डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान कार्यक्रम के तहत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने शुक्रवार को अनुसूचित वर्ग के प्रबुद्धजनों से मुलाकात की। बाबा साहब के जीवन की सच्चाई और उनके विचारों पर लिखित पुस्तिका भेंट की।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब के महान व्यक्तित्व एवं जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। एससी एक्ट को मजबूती मिली है।

25 मई को होगी श्याम मंडल की साधारण सभा की बैठक
श्री श्याम मंडल की साधारण सभा की बैठक 25 मई को लक्सा स्थित श्याम मंदिर में होगी। इसमें सत्र 2025-27 की कार्यकारिणी के चुनाव कराने का निर्णय लिया जाएगा। साथ ही नई कार्यकारिणी के चुनाव की तिथि की घोषणा की जाएगी। चुनाव अधिकारी तय किए जाएंगे। मंडल मंत्री अजय खेमका ने बताया कि साधारण सभा की बैठक में पिछली बैठक की करवाई की पुष्टि भी की जाएगी। पिछले सत्र के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत की जाएगी।

जिला सैनिक बंधु की बैठक में आठ समस्याओं का निस्तारण
जिला सैनिक बंधु की बैठक शुक्रवार को एडीएम सप्लाई अमित कुमार भारतीय और जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आठ समस्याओं की निस्तारण हुआ।

इसमें वीर नारियों, दिवंगत सैनिकों की पत्नी के भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक से ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक अनुदान समेत अन्य समस्याओं के समाधान किए गए। कुछ समस्याओं का निस्तारण बैठक में किया गया। जिन भी समस्याओं का निस्तारण वहां नहीं हो पाता, उसके लिए संबंधित अधिकारियों का दिशा निर्देश दिया जाता है। बैठक के बाद दो मिनट का मौन रखकर पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। 

एक राष्ट्र-एक चुनाव से बचेगा फालतू खर्च : अनिल राजभर
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को एक राष्ट्र-एक चुनाव पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव के साथ-साथ वन राशन कार्ड जैसे कदम देश के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले चुनावों से न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है, बल्कि विकास कार्यों पर भी असर पड़ता है।

एक साथ चुनाव होने से यह खर्च बचाया जा सकता है। कार्यक्रम की शुरुआत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, बीडीओ बीरेंद्र द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह, एडीओ एसटी हवलदार यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष लाल बहादुर पटेल मौजूद रहे। 

रोटरी क्लब के सदस्यों ने किया अन्न दान
रोटरी क्लब वाराणसी शिवगंगा के सदस्यों ने शुक्रवार को सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में असहाय और निराश्रित लोगों को चावल, दाल, आटा, चना, चायपत्ती, सब्ज़ी, तेल और अन्य खाद्य सामग्री दान की। आश्रम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन और उनकी पत्नी डॉ. कात्यायनी ने आश्रम की गतिविधियों के बारे में बताया। मौके पर क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह, अरविंद विनोद अग्रवाल, अजय कुमार, दिलीप गुप्ता, धीरज जैन, आशुतोष गुप्ता और आनंद जौहरी मौजूद रहे।

देश की धरोहरों को पाठ्यक्रम में करें शामिल
इंटेक वाराणसी की ओर से विरासत शिक्षा पर आधारित दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला के अंतिम दिन शुक्रवार को नगवां स्थित एक स्कूल में 50 शिक्षकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को विद्यालयीय पाठ्यक्रम में जोड़ने पर जोर दिया गया।

इससे भावी पीढ़ियों को अपनी विरासत से जुड़ने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा सकेगा। इंटेक वाराणसी के संयोजक अशोक कपूर, सह-संयोजक निर्मल जोशी और नलिन गुलाटी ने 25 विद्यालयों से आए शिक्षकों को प्रमाण पत्र दिया। 

पूर्व जिलाध्यक्ष की मनाई गई पुण्यतिथि
सपा के अर्दली बाजार स्थित जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष रामा यादव की 11वीं पुण्यतिथि मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्वांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि दिवंगत रामा यादव एकदम सरल स्वभाव के इंसान थे।

जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि रामा यादव कुशल संगठनकर्ता थे। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश यादव, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, राधाकृष्ण उर्फ संजय यादव, रितेश केसरी, रामसिंह, महेंद्र सिंह, लालमन राजभर, धर्मेंद्र फौजी, काली प्रसाद गौड़, मनोज यादव, सलमा बेगम, विनोद कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

नगर निगम ने कराया सड़कों पर पानी का छिड़काव
लू से बचाव के लिए नगर निगम ने शुक्रवार से सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू करा दिया है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि वॉटर स्प्रिंकलर के माध्यम से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। आगे भी रोजाना यह छिड़काव जारी रहेगा।

जन जागरण रैली में लोगों को किया जागरूक
श्री अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जनजागरण रैली निकाली गई। इसमें शामिल छात्रों ने कोई न छूटे इस बार, शिक्षा है सब का अधिकार, पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे जैसे नारे लगाए।

रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर चौखंभा ग्वाल दास साहू लेन, गोलघर, मैदागिन होते हुए विद्यालय पर पहुंची। रैली में छात्रों के अलावा विद्यालय के समस्त शिक्षक सम्मिलित थे। प्रबंधक पंकज अग्रवाल ने कहा कि लोगों को प्रेरित करने के लिए रैली निकाली गई। शिक्षा से वंचित अथवा किसी कारणवश विद्यालय छोड़ चुके छात्रों के विद्यालय में नामांकन कराने के लिए रैली निकाली गई। 

लक्ष्य की पूर्ति न करने पर रोका गया खाद्य सुरक्षा अधिकारी का वेतन
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को क्लस्टर सुविधा इकाई की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को लक्ष्य की पूर्ति न करने पर कड़ी फटकार लगाई गई और वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि पंजीकृत जीआई उत्पाद लाल पेड़ा, तिरंगी बर्फी, लाल भरवा मिर्च, बनारसी पान पत्ता, बनारसी लंगड़ा आम, आदम चीनी चावल अधिकृत उपयोगकर्ता बनाए जाने के निर्देश दिए। जनपद के अन्य गुणवत्ता युक्त जी आई पंजीकरण योग्य उत्पाद की पहचान कर उन्हें पंजीकरण कर उन्हें आगे बढ़ाया जाए साथ ही आदम चीनी चावल के प्रमाणित बीज हेतु जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया। 

डीएम ने देखे निर्माणाधीन प्रोजेक्ट
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार लहरतारा-बीएचयू-रवींद्रपुरी सड़क मार्ग का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित मंडुआडीह और भिखारीपुर फ्लाइओवर, कहां से शुरू होगा और कहां खत्म, इस लोकेशन की जानकारी स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। पहलवान लस्सी के पास हो रहे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को भी देखा।

रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों को किया जागरूक
विश्व मलेरिया दिवस पर शुक्रवार को कैंट स्थित रेलवे कॉलोनी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य मच्छर जनित बीमारियों, विशेष रूप से मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करना और इससे बचाव के उपायों को प्रभावी रूप से अपनाना था।

अभियान की शुरुआत वाराणसी रेल कॉलोनी के स्वास्थ्य केंद्र से की गई, जहां बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी, उनके परिवारजन और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी श्रीकृष्ण मोहन मिश्रा ने कहा कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है।

मोटू-पतलू ने भी किया जागरूक
विशेष आकर्षण रही बच्चों के लिए आयोजित जागरूकता गतिविधियां, जिनमें लोकप्रिय कार्टून पात्र मोटू के माध्यम से मलेरिया से बचाव के संदेश दिए गए। मोटू जैसे प्रिय चरित्र के जरिए बच्चों को स्वच्छता, मच्छरदानी के उपयोग और पानी जमा न होने देने जैसे विषयों को सरल और मनोरंजक ढंग से समझाया गया। यह प्रयास बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा और संदेश प्रभावशाली ढंग से पहुंचा।

समय सीमा पर विकास कार्यों को पूरा करें
कैंट स्टेशन पर अपने साप्ताहिक निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों ने विकास कार्यों को समय से पूरा करने पर जोर दिया। प्लेटफार्मों की साफ-सफाई का भी हाल जाना। इसके साथ सर्कुलेटिंग एरिया व यात्री हाल को भी देखा, स्टॉल संचालकों को हिदायत दी कि गर्मी में ठंडा के नाम पर किसी भी कीमत पर रेल नीर को ऊंचे दामों में न बेचा जाए। रोपवे कार्य की प्रगति की जानकारी ली। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता समेत अन्य रहे। 

यात्रियों के लिए खुला नया स्टॉल
कैंट स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के क्रम में प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर नए कैंटरिंग स्टॉल का शुभारंभ किया गया। मुंबई की यात्रा करने वाली हर्षिता तिवारी यात्री ने फीता काटकर स्टाल का शुभारंभ किया। इस स्टॉल पर रेलनीर, शीतल पेय, पैकेट चिप्स, नमकीन, बिस्किट उपलब्ध होगी। 

बिना मानचित्र पास कराए हो रहे निर्माण स्थलों पर हुई कार्रवाई
हरिहरपुर (रिंग रोड के सटे उत्तर) में रिंकू जायसवाल बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करा रहे थे। यहां वीडीए द्वारा सीलिंग की कार्रवाई की गई। यहीं शशांक कुमार सिंह बिना मानचित्र पास कराए निर्माण करा रहे थे।

कोईराजपुर, गंजारी जाने वाली रिंग रोड (पूरब) पर विकास वर्मा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही निर्माण कराया जा रहा था। यहां सीलिंग की कार्रवाई की गई। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि इसी तरह रामसिंहपुर, परगना-अठगांवा में शालिनी शर्मा जमीन पर दो हॉल का निर्माण करा रही थी। इसका भी मानचित्र पास नहीं था, यहां सीलिंग की कार्रवाई की गई। 

टॉप टेन बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शुक्रवार को जोनल अफसरों के साथ बैठक की। सभी जोनल अफसरों ने किए गए कार्यों और वसूली की जानकारी दी। उन्होंने सभी मदों में टॉप टेन बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मानचित्र स्वीकृत कर शमन शुल्क जमा कराए।

ओएचई तार पर गिरा पेड़, मालगाड़ी प्रभावित
कैंट स्टेशन स्थित रेलवे यार्ड में शुक्रवार को सुबह ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिक) तार पर एक पेड़ गिरने से मालगाड़ी का परिचालन प्रभावित रहा। एक घंटे का शट डाउन लेकर पेड़ को हटाया गया। सुबह 11.05 बजे तक गाड़ियों का परिचालन सुचारू हुआ। सुबह 9.55 बजे यार्ड में आर्मी बाउंड्री से सटा एक सूखा पेड़ ओएचई तार पर गिर पड़ा था। रेलवे टीआरडी और इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ को हटाकर लाइन को क्लियर किया। 

पारा 44 डिग्री पहुंचा, बारिश के आसार
बनारस में गर्मी ने बेहाल कर दिया है। शुक्रवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। ये सामान्य से 4.3 डिग्री ऊपर था। वहीं न्यूनतम तापमान 21 रिकॉर्ड किया गया। 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लू चली। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से राहत भरी खबर आई है। अगले दो दिनों तक बादल और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद मौसम साफ हो सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा नमी लाएगी और बारिश करा सकती है। बनारस में गर्मी का आलम ये है कि एयरकंडीशन घर में बैठे लोगों के होंठ लगातार सूख रहे हैं। वहीं धूप में बाहर निकलते जैसे सूरज की रोशनी तपा दे रही है। जमीन से तवे की तरह से आंच निकलती रही।

पूर्व छात्रसंघ नेता ने उठाई भास्करादित्य के प्रवेश की मांग
पीएचडी धरना मामले में बीएचयू के छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं शिक्षा मंत्री से भास्करादित्य के प्रवेश की मांग उठाई। कहा कि प्रशासन विपक्ष जैसा व्यवहार कर रहा है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है।

कहा कि बाकी अभ्यर्थियों के साथ धरनारत भास्करादित्य को प्रवेश न दिए जाना अन्याय की बात हुई। अरविंद शुक्ल ने कहा कि विश्वविद्यालय को वामपंथी विचारधारा का गढ़ बनाकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के नेताओं को आमंत्रित कर सरकार विरोधी माहौल बनाया जा रहा है।

विरोध में अधिवक्ताओं ने निकाली रैली
कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में नागरिकों की हत्या के विरोध में शुक्रवार अधिवक्ताओं ने आक्रोश रैली निकाली। सेंट्रल बार संगठन भवन से शुरू हुई रैली में बार एसोसिएशन के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाथों में नारे लिखे पंपलेट लिए अधिवक्ता कचहरी चौराहा होते हुए अंबेडकर मूर्ति चौराहे पर पहुंचे, जहां उन्होंने आतंकवाद के प्रतीक के तौर पर पाकिस्तान के पुतले को पीटकर दहन किया। वकीलों ने भारत सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की मांग की। रैली में सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दूबे, महामंत्री राजेश गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल रहे। 

अधिकारियों को किया गया सम्मानित
वाराणसी क्षेत्र के डाक मंडलों के प्रमुखों की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को पीएमजी कर्नल विनोद कुमार ने सभी डाकघरों के लिए गुणवत्ता के कड़े मानदंड तय किए हैं। उन्होंने प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। मेल लेखों की बुकिंग, प्रेषण और वितरण को न्यूनतम समय में सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक के पहले भाग में वाराणसी पूर्व, बनारस पश्चिम, बलिया, जौनपुर और गाजीपुर मंडलों के वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन का विश्लेषण हुआ और कमियों की पहचान हुई। दूसरे सत्र में कर्नल विनोद ने कर्मचारियों को प्रेरित करने की तकनीकों और मनोबल बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सहायक निदेशक एमएम हुसैन, सहायक अधीक्षक पल्लवी, व्यवसाय विकास अधिकारी प्रकाश पीएलआई, सौरभ और मंडल प्रमुख दिलीप, हर्षित, आशुतोष और अंगद को सम्मानित किया गया।

आयुष्मान लाभार्थियों की सूची बनाएं, पहुंचाएं योजना के लाभ
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। आयुष मित्र कक्ष पहुंचकर यहां रोजाना इलाज कराने वालों की संख्या पूछी। संख्या कम मिलने पर कहा कि गांववार सूची तैयार करिये। ताकि इस योजना से जुड़े लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। डीएम ने सीएमओ को निगरानी कर लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने आयुष मित्र को चेताया कि लाभार्थियों की संख्या नहीं बढ़ी तो टर्मिनेट किया जाएगा। गैर संचारी कक्ष में स्टाफ नर्स द्वारा बताया गया कि आने वाले मरीजों की संख्या में अधिक संख्या डायबिटीज के मरीजों की है। इस पर डीएम ने माहवार आने वाले गैर संचारी रोगों के मरीजों की स्क्रीनिंग और पंजीकरण बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ को लू से बचाव के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कहा कि जहां कूलर या एसी लगाना हो लग जाए और जरूरी दवाओं के स्टॉक समय से कर लें। इसके बाद ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी वॉर्ड,ऑपरेशन थियेटर कक्ष, ईसीजी कक्ष, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। डायलिसिस यूनिट सेंटर को सेनेटाइज और सफाई के निर्देश सीएमओ को दिए। ब्लड सेंटर और कंपोनेंट यूनिट के निरीक्षण में उन्होंने रक्तदान करने वालो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने का निर्देश दिया।

बीएचयू में परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर बैठे दोनों छात्रों को मिला प्रवेश
बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर सात दिनों से धरनारत छात्रों को प्रवेश मिल गया। प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग के छात्र कुणाल गुप्ता का प्रवेश हो गया है। इसके पहले साथ में धरना दे रहे छात्र करण का भी प्रवेश हो गया था।

करण को गुरुवार की देर रात एडमिशन फीस जमा करने की लिंक भेजी गई। मौके पर वरिष्ठ छात्र नेता मृत्युंजय तिवारी आजाद ने कुणाल गुप्ता को जूस पिलाकर धरना खत्म कराया। छात्र नेता अभिषेक कुमार सिंह अभय सिंह निक्कू, हर्स तिवारी, करिश्मा मौजूद रहे। 

गणित में 100 में 100 पाने वाली ख्याति बनना चाहती हैं अंतरिक्ष वैज्ञानिक
हाईस्कूल परीक्षा में यूपी के टॉप 10 मेधावियों की सूची में 8वें और जिले में पहला स्थान पाने वाली ख्याति सिंह को गणित विषय पसंद है। इसमें उन्होंने 100 में से 100 नंबर हासिल किए। अमर उजाला से बातचीत में विकास इंटरमीडिएट कॉलेज परमानंदपुर की छात्रा ख्याति ने बताया कि वह अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनना चाहती हैं। परीक्षा परिणाम आने के बाद अब वह जीवन के इसी सपने को साकार करने की दिशा में जुट गई हैं।

खुशहालनगर निवासी एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट पिता संजय सिंह और गृहिणी कंचन सिंह बेटी की उपलब्धि से बहुत खुश हैं। ख्याति ने बताया कि परीक्षा का फॉर्म भरने के बाद से ही ठान लिया था कि टॉपर्स की सूची में नाम दर्ज करवाना है। कहा कि कभी भी परीक्षा को लेकर घबराना नहीं चाहिए। दृढ़ लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। ख्याति को विज्ञान में 98, सामाजिक विज्ञान, कला में 96, हिंदी, अंग्रेजी में 95 नंबर मिले हैं।

वाराणसी में पीड़ित परिवार से मिलेगा सपा का प्रतिनिधिमंडल
सपा का प्रतिनिधिमंडल 26 अप्रैल को वाराणसी जाएगा। वहां सिंधौरा के गांव मरूई में कक्षा-12 के छात्र हेमंत पटेल की हत्या के बारे में सही स्थिति की जानकारी करेगा। शोकाकुल परिवार से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सांसद वीरेंद्र सिंह, प्रिया सरोज और एमएलसी आशुतोष सिन्हा शामिल किए गए हैं। 

यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित, साइबर कैफे पर लगी भीड़
यूपी बोर्ड का परिणाम शुक्रवार को घोषित होने के बाद साइबर कैफे में विद्यार्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखी गई। हर कोई बेसब्री से परिणाम जानने के लिए उत्सुक था। गर्मी और उमस के बावजूद भीड़ रही। नतीजों के बाद छात्र एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते दिखे। इस बार मोबाइल फोन पर भी रिजल्ट देखने की सुविधा थी। बड़ी संख्या में लोगों ने मोबाइल पर भी परिणाम देखे। हालांकि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या है, वहां साइबर कैफे ही सहारा बने रहे।

बीएचयू में कश्मीर के 75 छात्र और 21 प्रोफेसर
बीएचयू में जम्मू कश्मीर के 21 प्रोफेसर और 75 छात्र-छात्रा पढ़ाई कर रहे हैं। बीएचयू में इस सत्र से जम्मू-कश्मीर के छात्रों की तादाद बढ़ाने के लिए भी नई योजना बनाई गई है। इस राज्य के छात्रों को बीएचयू के हॉस्टल आवंटन में वरीयता दी जाएगी। बीएचयू इन राज्या के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप भी शुरू की जा सकती है। 

बीएचयू की एकेडमिक काउंसिल में केंद्रीय प्रवेश समिति के प्रस्तावों पर ये फैसला लिया गया था कि बीएचयू में जम्मू-कश्मीर समेत पूर्वोत्तर के छात्र और छात्राओं की संख्या बढ़ाई जाए। इन राज्यों के छात्र और छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ते हुए बीएचयू कैंपस में बसी एक विविधता की संस्कृति से परिचय कराया जाए।

आतंकवाद से मुक्ति के लिए लगाएंगे अर्जी
पहलगाम में आतंकी हमले से आहत लोग बाबा कालभैरव मंदिर में अर्जी लगाएंगे। वह बाबा से आतंकवाद के विनाश के साथ देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। ये अर्जियां केंद्र सरकार को भेजी जाएंगी। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए अस्सीघाट पर तर्पण भी किया जाएगा।

काशी के मंदिरों में भी इसके प्रतिकार स्वरूप विविध अनुष्ठान हो रहे हैं। बड़ी शीतला माता मंदिर के उपमहंत कल्लू गुरु ने बताया कि इसी सप्ताह बाबा कालभैरव मंदिर में श्रद्धालु अर्जी लगाएंगे। इसमें धार्मिक संस्था श्रीश्रीयंत्र पीठम्, ब्रह्म राष्ट्र एकम्, विहिप सहित अन्य संस्थाओं के सदस्य, श्रद्धालु बाबा दरबार में अर्जी लिखकर लाएंगे। 

श्रीकाशी विश्वनाथ महादेव का रामेश्वरम के जल से हुआ अभिषेक
श्रीकाशी विश्वनाथ महादेव का शुक्रवार को रामेश्वरम् के जल से अभिषेक हुआ। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक विश्व भूषण ने अभिषेक कर विधिवत पूजन किया। सीईओ रामेश्वरम् से जल को लाए थे। श्रीकाशी विश्वनाथ महादेव के रामेश्वरम् के जल से अभिषेक करने की परंपरा है।



मुख्य कार्यपालक को रामेश्वरम् ज्योतिर्लिंग के गोपुरम का निर्माण कराने वाले जमींदार परिवार के वंशज सीआरएम अरुणाचलम ने रामेश्वरम जल का कलश उनको भेंट किया गया था। अरुणाचलम कोविलूर स्वामी के शिष्य हैं, जो दक्षिण तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में स्थित कोविलूर मठ के प्रधान प्रमुख हैं। 

कोविलूर मठ के सहयोग से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित अन्न सेवा में भोजन कराया जाता है। विश्वभूषण ने बताया कि रामेश्वरम के सागर जल से श्रीविश्वेश्वर के अभिषेक की यह परंपरा उत्तर में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से दक्षिण के रामेश्वरम धाम तक संपूर्ण भारत की राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने का दृष्टांत भी है।

बताया कि रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग में हनुमान जी द्वारा लाए गए शिवलिंग की स्थापना प्रभु श्रीराम ने श्रीकाशी विश्वनाथ महादेव के नाम से कराई है। रामेश्वरम में प्रथम दर्शन श्री काशी विश्वनाथ महादेव का ही होता है।

ट्रैक्टर को टक्कर मार कर ट्रेलर पलटा
चौबेपुर के शाहपुर गांव के समीप शुक्रवार की रात वाराणसी से गाजीपुर की ओर जा रहा एक ट्रेलर आगे चल रहे ट्रैक्टर को धक्का मारते हुए पलट गया। इसके चलते वाराणसी-गाजीपुर हाईवे की एक लेन पर आवागमन बंद हो गया। 

ट्रेलर चालक चंदौली के चकिया क्षेत्र के चतुरीपुर निवासी अमित कुमार ने बताया किअगला पहिया तेज आवाज के साथ फट गया था। इसके चलते आगे चल रहे ट्रैक्टर को टक्कर लगी और उसका चालक गरथौली निवासी डब्लू (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवा कर आवागमन शुरू कराया। 

प्रेमी ने नहीं रिसीव की कॉल तो प्रेमिका पहुंची थाने
मिर्जामुराद। क्षेत्र के एक गांव की युवती की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से राजातालाब निवासी एक युवक से दो साल पहले हुई। दोनों की करीबी बढ़ी तो वह एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। गत तीन दिन से युवती के कॉल करने पर जब युवक फोन नहीं रिसीव किया तो वह शुक्रवार को तहरीर लेकर मिर्जामुराद थाने पहुंची। 

इस पर पुलिस युवक को मिर्जामुराद थाने ले आई। युवती युवक से शादी की जिद पर अड़ गई। युवक के परिजन शादी से मना करने लगे। इसे लेकर घंटों पंचायत हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। उधर, इस संबंध में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगो द्वारा पुनः पंचायत के लिए समय मांगा गया है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो घंटे में चार बार बार ट्रिपिंग
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई है। शुक्रवार को शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में बिजली की आवाजाही जारी रही। इस बीच मड़ौली इलाके में दिन में दोपहर 12 बजे बिजली कट गई। मंडुवाडीह उपकेंद्र पर फोन किया तो पता चला कि डीटी मीटर लगाने की वजह से आपूर्ति बाधित है।

शाम 4 बजे बिजली आई। हालांकि शाम को भी चांदपुर इलाके में देर शाम 8 से 10 के बीच चार से पांच बार ट्रिपिंग होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, भिटारी, खोजवा, नरिया, लहरतारा के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। शुक्रवार की रात में मंडुवाडीह इलाके में रात 10 बजे एबीसी जलने की वजह से भी बिजली आपूर्ति बाधित रही।

दो करोड़ की लागत से बनेगा बैठक हाॅल
पिडरा ब्लॉक परिसर में दो करोड़ से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देश्यीय मीटिंग हाॅल बनेगा। ब्लॉक प्रमुख संरक्षक रविशंकर सिंह और बीडीओ छोटेलाल तिवारी ने बताया कि दो करोड़ 21 लाख 49 हजार 500 रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके बनने से एक साथ सभी जनप्रतिनिधि कार्य योजनाओं पर चर्चा कर सकेंगे।

नगर निगम ने 400 करोड़ की 200 बीघा जमीन कब्जे से मुक्त कराई
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को कोदोपुर क्षेत्र में 200 बीघा सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि इसकी कीमत करीब 400 करोड़ रुपये है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ता की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

यहां प्लाॅटिंग का काम कराया जा रहा था। कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा था। नगर निगम की टीम ने जेसीबी से मौके पर किया गया निर्माण तोड़ दिया। कब्जा लेकर वहां बैरिकेडिंग का काम शुरू करा दिया गया है।

शाइन सिटी के एमडी सीएमडी पर केस दर्ज
मिर्जामुराद के खजूरी गांव में प्लॉट दिलाने के नाम पर 22.40 लाख रुपये ठगने के आरोप में शाइन सिटी कंपनी के एमडी और सीएमडी के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश से की गई है। 

बड़ी गैबी, बिरदोपुर की रहने वाली कुसुमलता त्रिपाठी के अनुसार, वर्ष 2018 में शाइन सिटी कंपनी के एमडी आसिफ नसीम और सीएमडी राशिद नसीम ने उनसे संपर्क किया था। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में 4000 वर्गफीट जमीन दिलाने की बात उनसे तय की गई। 

उन्हें प्रोजेक्ट से संबंधित आकर्षक योजनाओं की जानकारी देकर भरोसे में लिया गया। कंपनी के एमडी और सीएमडी की बातों पर भरोसा कर उन्होंने और उनके पति नागेश कुमार त्रिपाठी ने जमीन के लिए 22 लाख 40 हजार रुपये दिए थे। मगर, आज तक न उन्हें जमीन मिली और न उनका पैसा वापस मिला। 

कैंपस प्लेसमेंट में 72अभ्यर्थियों का चयन
मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत आईटीआई पास युवाओं के लिए शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन हुआ। इसमें लखनऊ और उत्तराखंड की एक कंपनी ने 114 अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया। इसमें 72 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। 

कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि 200 वैकेंसी पर दो छात्राओं का चयन हुआ है। अभ्यर्थियों को एक सप्ताह में मेडिकल के लिए लखनऊ बुलाया गया है। उन्हें प्रति माह 14,827 रुपये सैलरी मिलेगी। इस मौके पर प्लेसमेंट सह प्रभारी देवव्रत, अमरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अजीत श्रीवास्तव, उत्कर्ष पांडे उपस्थित रहे। संवाद

28 को स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग में स्किल डेवलपमेंट की परीक्षा 28 अप्रैल को होगी। स्नातक के स्किल डेवलपमेंट पेपर (एनजीओ मैनेजमेंट एंड वॉलंट्री एक्शन) की सभी सेमेस्टर और छूटे हुए विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा (75 अंक) और मिड टर्म परीक्षा 28 अप्रैल को आयोजित है। विभागाध्यक्ष और डीन प्रो. एमएम वर्मा ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से समाज कार्य संकाय के प्रो. राजाराम शास्त्री सभागार में होगी। 

बच्चों की शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर दें ध्यान
स्टेट कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ (कम्युनिटी हेल्थ) डॉ. परवेज आलम और डिविजनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर यूनिसेफ वाराणसी डिवीजन आलोक कुमार राय ने शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय, आदमपुर में बैठक की। दोनों अफसरों ने बेसिक शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग का आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य का भी बेहतर होना जरूरी है। इस मौके पर बीईओ स्कंद गुप्ता, अखिलेश यादव, मनीषा प्रसाद और रहमत अली मौजूद रहे।

बीएचयू में परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर बैठे दोनों छात्रों को मिला प्रवेश
बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर सात दिनों से धरनारत छात्रों को प्रवेश मिल गया। प्राचीन भारतीय इतिहास विभाग के छात्र कुणाल गुप्ता का प्रवेश हो गया है। इसके पहले साथ में धरना दे रहे छात्र करण का भी प्रवेश हो गया था।

करण को गुरुवार की देर रात एडमिशन फीस जमा करने की लिंक भेजी गई। मौके पर वरिष्ठ छात्र नेता मृत्युंजय तिवारी आजाद ने कुणाल गुप्ता को जूस पिलाकर धरना खत्म कराया। छात्र नेता अभिषेक कुमार सिंह अभय सिंह निक्कू, हर्स तिवारी, करिश्मा मौजूद रहे। 

भास्करादित्य के प्रवेश की उठी मांग
पीएचडी धरना मामले में बीएचयू के छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं शिक्षा मंत्री से भास्करादित्य के प्रवेश की मांग उठाई। कहा कि प्रशासन विपक्ष जैसा व्यवहार कर रहा है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है।

कहा कि बाकी अभ्यर्थियों के साथ धरनारत भास्करादित्य को प्रवेश न दिए जाना अन्याय की बात हुई। अरविंद शुक्ल ने कहा कि विश्वविद्यालय को वामपंथी विचारधारा का गढ़ बनाकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के नेताओं को आमंत्रित कर सरकार विरोधी माहौल बनाया जा रहा है। 

रेलवे स्टेशनों पर न हों निजी कंपनी के कुली
राष्ट्रीय मांग दिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रीय कुली मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने कैंट स्टेशन निदेशक से मुलाकात की। रेलवे में निजी कंपनी के कुलियों को हटाने समेत अन्य कई बिंदुओं पर मांग पत्र भी सौंपा।

कुली मोर्चा के अध्यक्ष केदार यादव ने कहा कि पश्चिम रेलवे में निजी कंपनी के माध्यम से चलाए जा रहे कुली मय एप और इसमें प्राइवेट कुली रखने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मांग की है कि हम भी चाहते हैं कि रेलवे में विकास हो और उस विकास में हमारा भी योगदान हो, लेकिन अगर उस विकास के कारण हम कुलियों का काम रेलवे स्टेशन पर समाप्त हो रहा है। 

इरी में धान की 27 प्रजाति पर होगा शोध
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के चांदपुर स्थित दक्षिण एशिया केंद्र में किसानों को अधिक उपज देने वाली, पोषण से भरपूर धान की प्रजातियों पर काम चल रहा है। इस केंद्र की 27 प्रजातियों को शोध के लिए चुना गया है। चयनित प्रजातियों में उच्च उपज क्षमता, जिंक की अधिक मात्रा, सूखा सहन करने की क्षमता, बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट और ब्लास्ट जैसे गंभीर रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता पर शोध किया जाएगा। 

इन प्रजातियों को सीधी बुवाई और रोपाई जैसी कई कृषि परिस्थितियों के अनुकूल बनाया गया है। इरी के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह का कहना है कि यह किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने और अधिक टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने में सक्षम बनाएगा। 

रोटरी क्लब के सदस्यों ने किया अन्न दान
रोटरी क्लब वाराणसी शिवगंगा के सदस्यों ने शुक्रवार को सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में असहाय और निराश्रित लोगों को चावल, दाल, आटा, चना, चायपत्ती, सब्जी, तेल और अन्य खाद्य सामग्री दान की। आश्रम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। 

आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन और उनकी पत्नी डॉ. कात्यायनी ने आश्रम की गतिविधियों के बारे में बताया। मौके पर क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह, अरविंद विनोद अग्रवाल, अजय कुमार, दिलीप गुप्ता, धीरज जैन, आशुतोष गुप्ता और आनंद जौहरी मौजूद रहे। 

ब्लाॅक अफसरों ने गांव में लगाई चौपाल
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के खुशीपुर और रमसीपुर गांव में ब्लॉक के अफसरों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। खुशीपुर गांव के पंचायत सचिवालय पर आयोजित चौपाल में सोना देवी, नीलम देवी, चंदा देवी ने पीएम आवास की मांग की।

ग्राम सचिव ने बताया कि सर्वे हो गया है लक्ष्य आने पर आवंटित किया जाएगा। गांव के झगड़ू राम ने वृद्धा पेंशन की मांग की। इस दौरान एडीओ समाज कल्याण शैलेंद्र सोनकर, एडीओ कृषि बालकेश्वर पटेल, एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव, एडीओ सहकारिता शिल्पी मिश्रा, सेक्टर प्रभारी अरविंद गुप्ता मौजूद रहे। 

कैबिनेट मंत्री ने किसान नेता को दी श्रद्धांजलि
किसान नेता कर्मवीर चौहान की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर उनके निवास स्थान पर पहुंचे। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसान नेता रहे कर्मवीर चौहान ने हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया।

उनके पुत्र और पार्टी के प्रदेश महासचिव गणेश चौहान भी जनता और किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान जिला अध्यक्ष उमेश राजभर, राजेश यादव, नित्यानंद पांडे, महेश जायसवाल, सूबेदार चौहान मौजूद रहे।

बैठक में समस्याओं का निस्तारण
जिला सैनिक बंधु की बैठक शुक्रवार को एडीएम सप्लाई अमित कुमार भारतीय और जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आठ समस्याओं की निस्तारण हुआ।

इसमें वीर नारियों, दिवंगत सैनिकों की पत्नी के भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक से ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक अनुदान समेत अन्य समस्याओं के समाधान किए गए। कुछ समस्याओं का निस्तारण बैठक में किया गया। जिन भी समस्याओं का निस्तारण वहां नहीं हो पाता, उसके लिए संबंधित अधिकारियों का दिशा निर्देश दिया जाता है। बैठक के बाद दो मिनट का मौन रखकर पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। 

क्रेडाई पूर्वांचल ने बिल्डिंग बायलॉज पर की चर्चा
क्रेडाई पूर्वांचल के सदस्यों में शुक्रवार को वीडीए सभागार में शासन द्वारा प्रकाशित प्रारूप बिल्डिंग बायलॉज़ 2025 में सुधार के लिए सुझाव दिए। पूर्वांचल रियल एस्टेट एसोसिएशन के सदस्यों ने ग्रुप हाउसिंग, शेल्टर फीस, पार्किंग, वाटर टैंक, सेटबैक जैसे विषयों पर बॉयलॉज़ में बदलाव को लेकर सुझाव रखे। साथ ही बायलॉज में अनेक टाइपिंग त्रुटियों के संबंध में भी जानकारी दी। 

वीडीए के नगर नियोजक प्रभात कुमार ने बिल्डरों को नियमों के बारे में बताया। क्रेडाई के सुझाव को उचित करार दिया। मौके पर क्रेडाई पूर्वांचल के संरक्षक अनुज डिडवानिया, वीके मालू, चेयरमैन आकाश दीप, अध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार सिन्हा, प्रशांत केजरीवाल, जीतेन्द्र कुमार सिंह, संतोष राणा, अभिषेक अग्रवाल, जीतेंद्र सिंह, यूथ विंग के अध्यक्ष राज श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

पूर्व जिलाध्यक्ष की मनाई गई पुण्यतिथि
सपा के अर्दली बाजार स्थित जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष रामा यादव की 11वीं पुण्यतिथि मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्वांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि दिवंगत रामा यादव एकदम सरल स्वभाव के इंसान थे। इस मौके पर जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू, अखिलेश यादव, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, राधाकृष्ण उर्फ संजय यादव रहे।

अधिकारियों को किया गया सम्मानित
वाराणसी क्षेत्र के डाक मंडलों के प्रमुखों की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को पीएमजी कर्नल विनोद कुमार ने सभी डाकघरों के लिए गुणवत्ता के कड़े मानदंड तय किए हैं। उन्होंने प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। मेल लेखों की बुकिंग, प्रेषण और वितरण को न्यूनतम समय में सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक के पहले भाग में वाराणसी पूर्व, बनारस पश्चिम, बलिया, जौनपुर और गाजीपुर मंडलों के वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन का विश्लेषण हुआ और कमियों की पहचान हुई। दूसरे सत्र में कर्नल विनोद ने कर्मचारियों को प्रेरित करने की तकनीकों पर चर्चा की। सहायक निदेशक एमएम हुसैन, सहायक अधीक्षक पल्लवी, व्यवसाय विकास अधिकारी प्रकाश पीएलआई, सौरभ और मंडल प्रमुख दिलीप, हर्षित, आशुतोष और अंगद को सम्मानित किया गया।

नगर निगम ने 400 करोड़ की 200 बीघा जमीन कब्जे से मुक्त कराई
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को कोदोपुर क्षेत्र में 200 बीघा सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि इसकी कीमत करीब 400 करोड़ रुपये है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ता की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां प्लाॅटिंग का काम कराया जा रहा था। कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा था। नगर निगम की टीम ने जेसीबी से मौके पर किया गया निर्माण तोड़ दिया। कब्जा लेकर वहां बैरिकेडिंग का काम शुरू करा दिया गया है।

टॉप टेन बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शुक्रवार को जोनल अफसरों के साथ बैठक की। सभी जोनल अफसरों ने किए गए कार्यों और वसूली की जानकारी दी। उन्होंने सभी मदों में टॉप टेन बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मानचित्र स्वीकृत कर शमन शुल्क जमा कराए। 
विज्ञापन

15 दिनों में करें सभी सड़कों की मरम्मत
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि अगले 15 दिनों में सभी सड़कों की मरम्मत का काम पूरा करें। सदर और पिंडरा तहसील क्षेत्र में जहां जमीन नहीं मिल रही है, वहां के एसडीएम से संपर्क कर काम शुरू कराएं। डीपीएमयू टीम को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित लंबित भूमि विवाद सुलझा लें। 

दो करोड़ की लागत से बनेगा बैठक हाॅल
पिडरा ब्लॉक परिसर में दो करोड़ से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देश्यीय मीटिंग हाॅल बनेगा। ब्लॉक प्रमुख संरक्षक रविशंकर सिंह और बीडीओ छोटेलाल तिवारी ने बताया कि दो करोड़ 21 लाख 49 हजार 500 रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके बनने से एक साथ सभी जनप्रतिनिधि कार्य योजनाओं पर चर्चा कर सकेंगे। 

यात्रियों के लिए खुला नया स्टॉल
कैंट स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के क्रम में प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर नए कैंटरिंग स्टॉल का शुभारंभ किया गया। मुंबई की यात्रा करने वाली हर्षिता तिवारी यात्री ने फीता काटकर स्टाल का शुभारंभ किया। इस स्टॉल पर रेलनीर, शीतल पेय, पैकेट चिप्स, नमकीन, बिस्किट उपलब्ध होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें