सारनाथ। इंस्टाग्राम से दोस्ती कर शादी का भरोसा देने और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी निहाल राजभर को शीतला माता मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। महाराष्ट्र के पालघर जिले की युवती की एक साल पहले इंस्टाग्राम पर पुरानापुल, सारनाथ निवासी निहाल से दोस्ती हुई थी। युवती का आरोप है कि तीन महीने पहले निहाल ने शादी का भरोसा देकर उसे बनारस बुलाया। एक सप्ताह तक आरोपी के घर रही, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए गए। युवती ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इन्कार कर उसके साथ मारपीट की और घर से भगा दिया। आहत युवती ने चूहे मारने की दवा खाकर जान देने का प्रयास किया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। पीड़िता ने आरोपी और उसके परिजनों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद पीड़िता को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। संवाद