बड़ागांव। ऑनलाइन गोल्ड और करेंसी दिखाकर ठगी करने के आरोपी आलोक सिंह को पुलिस ने बुधवार को भरतपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के दो सहयोगियों हेमंत सिंह और सतीश सिंह की भी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर निवासी है। शिकायतकर्ता रिकी रोशन के साइबर कैफे खाते में 15,300 रुपये की संदिग्ध राशि आई थी। बैंक ने उनका खाता फ्रीज कर दिया था। जांच में पता चला कि यह राशि ऑनलाइन ठगी से संबंधित थी। 21 जुलाई को आरोपी आलोक फिर से साइबर कैफे पहुंचा। उसने क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे भेजकर नकद लेने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता को शक हुआ और उसने शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ा । इस बीच उसके दो साथी मौके से भाग निकले। पूछताछ में आरोपी आलोक सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सोना और नोटों की गड्डी दिखाकर लोगों को प्रलोभन देता था। वह अपने साथियों हेमंत सिंह और सतीश सिंह के साथ मिलकर ऑनलाइन और नकद धोखाधड़ी करता था। साइबर कैफे में भेजी गई धनराशि एक पीड़ित से ऑनलाइन सोना दिखाकर की गई 85000 रुपये की धोखाधड़ी से संबंधित थी। संवाद