रोहनिया (वाराणसी)। क्षेत्र के भास्करा तालाब में रविवार को नहाने के दौरान डूबने से कांवरिये की मौत हो गई। रोहनिया थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
प्रयागराज जिले के सरायइनायत थाना के डुडुही गांव निवासी हरिभान साहू का बेटा प्रवीण साहू उर्फ दिलीप (21) नई दिल्ली में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करता था। कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए प्रवीण घर आया था और गांव के 20 युवकों के साथ बनारस आ रहा था। भास्करा तालाब पहुंचने पर प्रवीण और उसके दोस्तों ने नहाने और खाने की योजना बनाई। तालाब के समीप तैनात सिपाही ने सभी को आगाह किया कि जिसे तैरना न आता हो वह न नहाए, लेकिन प्रवीण तालाब में घुस गया। गहरे पानी में वह डूबने लगा तो मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। पुलिस की मदद से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रोहनिया परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।