स्लीपर फैक्ट्री मे स्लीपर की राड घुसने से मजदूर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के लोहता स्थित रेलवे स्लीपर फैक्ट्री में शुक्रवार को हादसा हुआ। काम करते समय मजदूर छेदी राजभर (35) के पेट में राड घुस गया और उसकी मौत हो गई। छेदी के साथी मजदूर उसका शव लेकर भाग रहे थे तो पीछा कर धन्नीपुर में थानाध्यक्ष लोहता ने उन्हें पकड़ा। इसके बाद परिजनों ने मुआवजे के लिए लोहता थाने के सामने जाम लगा दिया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकार से हरसंभव मदद का आश्वासन दिलाया तब जाकर एक घंटे बाद नौ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। छेदी की पत्नी अनीता की तहरीर पर फैक्ट्री मालिक मेसर्स खेमचंद के खिलाफ लोहता थाने में गैर इरादतन हत्या और शव छुपाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बड़ागांव थाना अंतर्गत घोघली का मूल निवासी छेदी लोहता के ऊंचगांव स्थित अपनी ससुराल में पत्नी अनीता देवी और तीन बच्चों के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार लोहता स्थित स्लीपर फैक्ट्री में काम करने के दौरान उसके पेट में राड घुस गया तो साथी मजूदर उसे एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस बीच किसी ने पुलिस को छेदी की मौत की सूचना दे दी तो थानाध्यक्ष लोहता राकेश सिंह उसकी खोजबीन शुरू किए। थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि दो लोग बाइक में बीच में छेदी को बैठाकर उसके ससुराल की ओर भाग रहे हैं तो पीछा कर उन्हें पकड़ा और थाने ले आए।
सूचना पाकर परिजन भी आ गए और मुआवजे के साथ ही फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर जाम लगा दिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष लोहता ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।