रामनगर। पड़ाव चौराहे के समीप बृहस्पतिवार को ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती घायल हो गए और उनकी डेढ़ वर्ष की बच्ची की मौत हो गई। वहीं, हादसे में दंपती का तीन वर्षीय बेटा बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
नई बस्ती लहरतारा निवासी ऑटो मालिक अखिलेश गौतम, पत्नी पूनम कुमारी, बेटे यश और बेटी गुलाबो के साथ स्कूटी से रक्षाबंधन पर चंदौली वार्ड नंबर चार नेहरू नगर स्थित ससुराल गए थे। वापसी के दौरान पड़ाव चौराहे के समीप ओवरटेक करते समय ट्रक चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से अखिलेश गौतम और पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, पूनम की गोद में बैठी डेढ़ वर्षीय गुलाबो की मौत हो गई। जबकि, स्कूटी में आगे खड़ा तीन वर्षीय यश बाल-बाल बच गया। पूनम और अखिलेश को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।