वाराणसी। दीनदयाल अस्पताल में बृहस्पतिवार को कुत्तों के काटने से घायल तीन बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। पुलिस लाइन क्षेत्र से अस्पताल लाई गई 7 साल की बच्ची अलीशा को आवारा कुत्ते ने हाथ में नोच लिया था। इसी तरह 3 साल के विहान और लक्ष्मणपुर के 6 साल के सत्यार्थ को भी कुत्ते ने काटा। तीनों बच्चों को अस्पताल में तत्काल एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) की डोज दी गई। जिले के अस्पतालों में प्रतिदिन 700 से अधिक मरीज एआरवी की डोज लेने पहुंच रहे हैं, जिनमें कुत्ते, बिल्ली और बंदरों के हमले में घायल लोग शामिल हैं। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी संतोष पाल का कहना है कि पिछले दो महीनों में 100 कुत्तों को पकड़कर सार्वजनिक स्थानों से हटाया गया और उन्हें शेल्टर होम में रखा गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आर एस राम ने बताया कि सभी बच्चे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे थे। तत्काल उन्हें एआरवी की डोज लगाई गई है। ब्यूरो