बीएचयू में एबीवीपी द्वारा बनाए गए एडमिशन हेल्प डेस्क पर जानकारी लेते छात्र। संवाद
बीएचयू में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) कार्यकर्ता आगे आए हैं। विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से लेकर परिसर में 12 जगहों पर हेल्प डेस्क लगाया गया है। यहां कार्यकर्ता प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्रों के सत्यापन, विभागों, संकायों की जानकारी देने सहित अन्य कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय में इस समय पीजी में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही हैं और यूजी का दाखिला शुरू होने वाला है। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क का शुभारंभ अभाविप काशी प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री आकाश गौर ने किया। बीएचयू इकाई के अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से 12 स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने तक निरंतर विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। बताया कि काउंसिलिंग चलने तक कार्यकर्ता हेल्प डेस्क पर मौजूद रहेंगे।