Varanasi News : चोरी की सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने बीएसएफ जवान के घर की तफ्तीश की लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। भुक्तभोगी के बेटे और बेटी घर पर ही थे। चोरों ने इतनी सफाई से घटना को अंजाम दिया था, जिस कारण किसी को उनकी आहट तक नहीं लगी।
रोहनिया के दरेखू गांव में गंगा नहर के पास सीमा सुरक्षा बल में उपनिरीक्षक दीपनारायण सिंह मकान बनाकर रहते हैं। यहां उनकी पत्नी रेनू, एक बेटी और एक बेटा भी रहते हैं। इस समय वह नगालैंड मे तैनात हैं। बलिया स्थित एक रिश्तेदारी में 9 दिसम्बर को होने वाले एक वैवाहिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे।
विज्ञापन
घर पर बेटी अनामिका और बेटा दीपांशु ही मौजूद थे। दोनों खाना खाकर सो गए थे। दोनों सुबह उठे तो देखा मां के कमरे का ताला तोड़कर सामान चोरी हो गया था। बेटे ने पिता और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रोहनिया थाना प्रभारी, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने चोरी की घटना की जांच की।
भुक्तभोगी दीपनारायण ने बताया कि हम अपने लड़की की शादी की तैयारी के लिए जेवरात बनवा कर रखे थे, जिसकी कीमत 22 से 24 लाख थी। 80 हजार रुपया नकद भी चोर उठा ले गए। दीपनारायण बीते 25 नवम्बर को एक माह की छुट्टी पर आए थे।
विज्ञापन
बताया कि पत्नी रेनू सिंह के साथ अपने पैतृक गांव बलिया शादी में शामिल होने गए थे। चोरी की सूचना पर आए तो देखा कि कमरे का ताला टूटा पड़ा था और सामान इधर-उधर भी बिखरा पड़ा था। खाली बक्सा छत पर पड़ा था। सोने और चांदी के गहने चोर उठा ले गए।
थाना प्रभारी रोहनिया और डाॅग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच किया। पुलिस की जांच में घर के बाहर 11 हजार रुपये नकद, सोने की एक कील, नाक की नथुनी और कुछ अन्य सामान मिले।