वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन शुल्क में अधिक फीस लेने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत फार्म लेने वाली छात्राओं ने जिलाधिकारी से की है।
छात्रों का आरोप है कि प्रवेश फार्म की फीस 700 रुपये और विलंब शुल्क 200 रुपये के साथ 900 रुपये में मिल रहा था, लेकिन इसकी जगह 2000 रुपये लिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि जो रसीद दी जा रही है, उस पर 700 को काटकर 2000 लिखा जा रहा है। अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर अधिक फीस को बंद कराने की मांग की है। शिकायत पत्र की प्रति प्रधानमंत्री कार्यालय में भी रिसीव कराई गई है। शिकायत करने वाली अभ्यर्थियों में दीपाशी, आस्था, प्रमिला, प्रेमशीला, सेजल, कृतिका, पूजा, कनक, शांति, चारूलता आदि शामिल हैं।
इस बारे में कॉलेज के प्रबंधक अनिल जैन ने अधिक फीस लेने के आरोप को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा आरोप लगाकर कॉलेज को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। ऐसी छात्राएं जिन्होंने प्रवेश फार्म भी नहीं भरा है, उनसे 700 रुपये का फार्म, 300 रुपये विलंब शुल्क और 1000 रुपये पेड सीट के नाम पर लिया जा रहा है। इसकी उन्हें रसीद भी दी जा रही है। किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं की जा रही है।