बाबतपुर। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के चेयरमैन विपिन कुमार ने शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नागर विमानन मंत्रालय के सचिव एसके सिन्हा भी थे। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने एयरपोर्ट पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से निर्माणाधीन टर्मिनल बिल्डिंग, एप्रन, रनवे विस्तार तथा मल्टी-लेवल कार पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई और गुणवत्ता मानकों की भी समीक्षा की गई।
चेयरमैन विपिन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से वाराणसी एयरपोर्ट की क्षमता और सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा। इस मौके पर एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के साथ एयरपोर्ट प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने चल रही परियोजनाओं की प्रगति से चेयरमैन को अवगत कराया।